बुलंदशहर। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षा 18 फरवरी से जिले 109 परीक्षा केंद्रों पर शुरू होगी। जो जिलेभर में बनाए गए हैं। परीक्षार्थी को केंद्र पर पहुंचने में कोई परेशानी न हो इसके लिए परिवहन निगम की बसों का संचालन होगा। बोर्ड परीक्षार्थियों के लिए बस संचालन करने के लिए परिवहन निगम ने तैयारियां शुरू कर दी है।
शहर के अलावा बोर्ड परीक्षा के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में अधिकांश केंद्र बनाए गए हैं। सुबह के समय परीक्षा के दौरान कोई साधन न मिलने पर परीक्षार्थियों के साथ परिजनों को भी परेशानी होती है। परीक्षार्थियों को केंद्र पर समय से पहले पहुंचाने के लिए अधिकांश वाहन के इंतजार में खड़े रहते है तो कुछ अपने वाहनों से पहुंच जाते हैं।
परीक्षार्थियों के जरूरत के अनुसार निगम की बसों का संचालन करने के लिए शासन ने निर्देश दिए है। बुलंदशहर डिपो के एआरएम परमानंद ने बताया कि जिले के परीक्षा केंद्र मार्गों पर बोर्ड परीक्षा शुरू होने व छूटने के समय निगम और अनुबंध की बसों का संचालन कराया जाएगा। किसी क्षेत्र में एक रूट के परीक्षार्थी अधिक है तो बस की बुकिंग करवा सकते हैं। जिससे परीक्षार्थियों को भी किराये एवं समय में राहत मिलेगी।