बुलंदशहर। 18 फरवरी से शुरू होने वाली बोर्ड परीक्षाओं को लेकर माध्यमिक शिक्षा विभाग ने सख्ती बढ़ा दी है। परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए परीक्षार्थियों को उत्तर पुस्तिका के प्रत्येक पेज पर अपना अनुक्रमांक (रोल नंबर) लिखना अनिवार्य कर दिया गया है। वहीं, कक्ष निरीक्षक अभ्यर्थियों को रोल नंबर लिखने की जानकारी देंगे ताकि किसी भी तरह की त्रुटि न हो।
जिला विद्यालय निरीक्षक विनय कुमार ने बताया कि परीक्षार्थी को उत्तर पुस्तिका के प्रत्येक पृष्ठ पर अपना अनुक्रमांक अंकित करने के निर्देश दिए गए हैं। बोर्ड परीक्षा को नकलविहीन कराने के लिए प्रशासन और शिक्षा विभाग संयुक्त रूप से तैयारियों में जुटा है। कक्ष निरीक्षकों और परीक्षा में जिम्मेदारी निभाने वाले कर्मचारियों की बोर्ड द्वारा ऑनलाइन डयूटी लगाई गई है। वहीं, सीसीटीवी कैमरों और वॉयस रिकाॅर्डर की निगरानी में परीक्षाएं कराई जाएंगी।
परीक्षा केंद्रों पर कड़ी निगरानी, उड़नदस्तों की सक्रियता, सीसीटीवी कैमरों की निगरानी और केंद्राध्यक्षों को स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। इस बार परीक्षा में हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के 84,044 परीक्षार्थी शामिल होंगे। इस समय परीक्षा की अंतिम तैयारी चल रही है। परीक्षा की शुचिता को लेकर जिला स्तर पर डीएम की अध्यक्षता में होने वाली बैठक भी जल्द होगी। इसमें परीक्षा की तैयारियाें को अंतिम रूप दिया जाएगा।