कोहरे का कहर इस कदर छाया हुआ है कि ट्रेनें अब एक से दो दिन की देरी से चलने लगी हैं। जिसके चलते यात्रियों को स्टेशन पर इंतजार करना पड़ रहा है।
दिल्ली-हावड़ा रूट पर कोहरे के कारण करीब एक दर्जन ट्रेनें लेट चल रही हैं। वहीं, बृहस्पतिवार को लखनऊ से आने वाली गोमती एक्सप्रेस को रद्द कर दिया गया।
जानकारी के मुताबिक बृहस्पतिवार को हावड़ा से दिल्ली आने वाली कालका मेल 13 घंटे लेट चल रही है। यानि बृहस्पतिवार को खुर्जा जंक्शन पर अपने निर्धारित समय शाम 5.55 बजे आने वाली इस ट्रेन को शुक्रवार तक आने की उम्मीद है।
यही हाल लिच्छवी एक्सप्रेस का है, जो अपने निर्धारित समय से 12 घंटे देरी से चल रही है। वहीं, इलाहाबाद से मेरठ आने वाली संगम एक्सप्रेस 10 घंटे, अलीपुरद्वार-दिल्ली महानंदा एक्सप्रेस आठ घंटे, आम्रपाली छह घंटे, मुरी पांच घंटे, फरक्का एक्सप्रेस चार घंटे, डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस तीन लेट चल रही है।
ट्रेनों के लेट होने से यात्रियों को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा। सर्दी में यात्रियों को पूरी रात ट्रेन के इंतजार में स्टेशन पर गुजारना पड़ रहा है। वहीं, एसएस भरत राम ने बताया कि कोहरे के चलते ट्रेनें पीछे से ही विलंब से चल रही है।
सुबह नौ बजे खुलेंगे स्कूल
सुबह पड़ रहे कोहरे और सर्दी बढ़ने के साथ ही निजी स्कूलों ने अपना टाइम टेबल बदल दिया है। अब स्कूलों का समय सुबह नौ बजे से दोपहर बाद तीन बजे तक हो गया है।
कार्यवाहक बीएसए डॉ. पूरन सिंह ने बताया कि परिषदीय स्कूलों का टाइम टेबल पहले ही बदल दिया गया था। निजी स्कूलों को भी टाइम टेबल में बदलाव के आदेश जारी कर दिए हैं।
अधिकतर स्कूलों ने बृहस्पतिवार को टाइम टेबल में बदलाव कर लिया। वहीं, शेष स्कूलों ने 15 दिसंबर से टाइम टेबल में बदलाव करने का निर्णय लिया है।