जाको राखे साइयां, मार सके न कोय, यह कहावत जहांगीरपुर निवासी युवक के ऊपर सटीक बैठी। सोमवार सुबह खुर्जा जंक्शन पर हुए हादसे को देखकर सभी हतप्रभ रह गए।
हुआ यूं कि दिल्ली जाने के लिए एक युवक ट्रैक पार कर दूसरी तरफ टिकट लेने जा रहा था तभी अचानक कालका मेल आ गई। हड़बड़ाया युवक ट्रेन की चपेट में आकर बीच ट्रैक पर गिर गया।
शोर मचाते हुए जब तक लोग उसके पास पहुंचे तब तक ट्रेन निकल चुकी थी और युवक उठकर बैठ गया। इस घटना से जहां स्टेशन पर अफरातफरी मच गई, वहीं प्रत्यक्षदर्शियों ने ऊपर वाले का शुक्रिया अदा किया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कालका मेल की स्पीड काफी कम थी। सोमवार सुबह करीब 8.45 बजे जहांगीरपुर निवासी शोभित (25) दिल्ली जाने के लिए टीएडी पैसेंजर पकड़ने जंक्शन पर आया था।
टिकट लेने के लिए वह ट्रैक पार कर रहा था। इसी दौरान प्लेट फार्म नंबर तीन पर दिल्ली से कोलकाता जा रही कालका मेल आ गई। शोभित ट्रेन नहीं देख पाया और उसके इंजन से टकराते हुए बीच ट्रैक पर जा गिरा।
हादसा होते ही प्लेट फार्म पर मौजूद यात्री और अन्य लोग शोर मचाते हुए दौड़ पडे़। ट्रेन गुजरने के बाद जब लोग शोभित के पास पहुंचे तो वह उठकर बैठ गया। शोभित को जरा सी भी खरोंच नहीं आई थी।
इस घटना को देखकर लोग ऊपर वाले का शुक्रिया अदा करने लगे। लोग शोभित का हालचाल ले रहे थे तभी दहशत के मारे वह चुपचाप घर चला गया। इस मामले में जीआरपी प्रभारी धर्मवारी ने बताया कि जब तक युवक से पूछताछ की जाती वह घर चला गया।