नगर पंचायत ईओ को ज्ञापन सौंपते व्यापारी। संवाद
खानपुर। नगर पंचायत की ओर से बिना पेयजल आपूर्ति के आवासों व व्यापारिक प्रतिष्ठानों को जल मूल्य जमा करने की नोटिस देने के विरोध में व्यापारियों व अन्य लोगों ने मंगलवार को इसके खिलाफ प्रदर्शन किया। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही जलकर को नहीं हटाया गया तो वह आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।
मंगलवार को व्यापारी सुरक्षा फॉर्म संस्थान के आह्वान पर सभासदों समेत बड़ी संख्या में लोग ठाकुरद्वारा मंदिर में एकत्रित हुए और बिना पेयजल आपूर्ति दिए ही भवनों पर जलकर लगाए जाने को लेकर नाराजगी व्यक्त की। जिसके बाद व्यापारी व अन्य लोग एकत्रित होकर नगर पंचायत पहुंचे और नारेबाजी की। इस दौरान व्यापारियों ने नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी को मौके पर बुला लिया। लोगों ने प्रदर्शन करते हुए बढ़े टैक्स वापस लेने व बिना पेयजल आपूर्ति वाले भवनों पर जल कर हटाने की मांग की।
चेतावनी दी कि यदि टैक्स नहीं हटाया गया तो वह आंदोलन के लिए मजबूर होंगे। सभासद सुनील सोनी ने बताया जल कर बढ़ाने का प्रस्ताव बोर्ड में पास नहीं किया गया है। इस दौरान अधिशासी अधिकारी ने लोगों को आश्वासन दिया कि शीघ्र ही नियम के अनुसार कर लगवाया जाएगा। इसके बाद लोग शांत हुए। इस मौके पर चमन गुप्ता, रविन्द्र लोधी, नीरज गर्ग, चेतन गोयल, विनय सिंघल उपस्थित रहे।
Iशासन के निर्देशानुसार टैक्स निर्धारण किया गया है। बोर्ड की स्वीकार्यता के बाद ही टैक्स का निर्धारण हुआ है। मनोज यादव, अधिशासी अधिकारीI