सिकंदराबाद नोटिस के विरोध में दुकान बंद कर विरोध करते व्यापारी। संवाद
सिकंदराबाद। दनकौर रोड पर अतिक्रमण को हटाने के लिए पीडब्ल्यूडी के नोटिस के विरोध में दनकौर तिराहे से लेकर नाले तक के व्यापारियों ने विरोध में अपने प्रतिष्ठानों को बंद कर उद्योग व्यापार मंडल के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन किया।
इस दौरान व्यापारियों ने जमकर नारेबाजी की। व्यापारियों के बुलावे पर पहुंचे क्षेत्रीय विधायक लक्ष्मीराज सिंह ने वार्ता के माध्यम से हल निकालने का आश्वासन दिया। वहीं व्यापारियों ने एसडीएम के साथ भी कोतवाली में वार्ता की।
उद्योग व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष नवीन राजपूत, महासचिव नितिन जैन, व्यापारियों ने बताया कि पीडब्ल्यूडी ने नोटिस भेजकर मार्ग के केंद्र से दोनों ओर राजस्व अभिलेखों के हवाले से 18-18 मीटर भूमि को राजस्व विभाग की होने का दावा किया और उक्त भूमि पर निर्माण को अवैध बताते हुए 14 जनवरी तक नहीं हटाने पर कार्रवाई की चेतावनी दी है।