संवाद न्यूज एजेंसी
सिकंदराबाद। नेशनल हाईवे-34 पर गांव चंदेरू के पास तेज रफ्तार कार ने हाईवे पार कर रहे तांगा चालक को टक्कर मार दी। हादसे में तांगा चालक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने हाईवे पर जाम लगा दिया। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गांव सरायघासी निवासी नवाब अली (30) तांगा चलाते थे। नवाब अली के भाई छोटे अली ने बताया कि उनके भाई बुधवार शाम चचेरी बहन को बस में बैठाने बाइक से आया था। नवाब बाइक खड़ी करके हाईवे की दूसरी तरफ बहन को बस में बैठने जा रहे थे तभी तेज रफ्तार कार ने उनके भाई नवाब को टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल होने से नवाब की मौके पर ही मौत हो गई। नवाब की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। नवाब की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने नेशनल हाईवे पर जाम लगा दिया। जाम लगाने की सूचना पर मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारी ने ग्रामीणों को समझा बुझाकर जाम खुलवाया। सीओ पूर्णिमा सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। नेशनल हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के आधार पर कार चालक की जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा है। मामले में विधिक कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।