बुलंदशहर। जिले के कॉलेजों में स्नातक प्रथम वर्ष की कक्षाओं में प्रवेश के लिए सीसीएसयू की वेबसाइट पर पंजीकरण कराने का शनिवार को अंतिम दिन हैं। पंजीकरण के बाद विवि की ओर से 18 जुलाई को पहली कटऑफ जारी की जा सकती है।
जिले में तीन राजकीय, 10 एडेड और 65 निजी कॉलेज हैं। इनमें स्नातक प्रथम वर्ष की करीब 28 हजार सीटों पर प्रवेश होने हैं। प्रवेश के लिए पिछले दिनों चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय ने अपना पोर्टल खोल दिया था और पंजीकरण कराने के लिए 30 जून तक का समय दिया था। कम पंजीकरण के कारण विवि ने समय 15 जुलाई तक बढ़ा दिया था। पंजीकरण कराने वाले छात्र-छात्रा कॉलेजों में जाकर संचालित पाठ्यक्रमों की जानकारी ले रहे हैं। वहीं, दूसरी ओर उनकी पहली पसंद जिले के एडेड कॉलेज हैं। इनमें से भी सबसे अधिक पंजीकरण डीएवी पीजी कॉलेज बुलंदशहर और एनआरईसी कॉलेज खुर्जा में किए गए हैं। इन कॉलेजों में एक सीट के सापेक्ष चार से पांच छात्र-छात्राओं ने पंजीकरण कराकर दावेदारी की है।
सबसे कम आवेदन निजी कॉलेजों में हुए हैं। ऐसे में निजी कॉलेजाें ने छात्र-छात्राओं से अपने स्तर पर संपर्क कर प्रवेश के लिए पंजीकरण कराने की सुविधा अपने कॉलेज में ही देनी शुरू कर दी है। इन कॉलेजों में प्रोफेशनल कोर्स अधिक हैं। जबकि अधिकतर छात्र-छात्रा बीए, बीएससी व बीकॉम में प्रवेश लेना चाहते हैं। ऐसे में उन्होंने कम फीस वाले एडेड कॉलेजों को ही चुना है। डीएवी पीजी कॉलेज की प्राचार्य प्रो. रेनू अग्रवाल के अनुसार सीसीएसयू की ओर से पंजीकरण कराने के लिए 15 जुलाई तक का समय दिया है। इसके बाद विवि की ओर से बीए, बीएससी और बीकॉम समेत अन्य पाठ्यक्रमों की पहली मेरिट 18 जुलाई को जारी हो सकती है।