खुर्जा के एनआरईसी कॉलेज में प्रवेश के लिए लाइन में खड़े छात्र। संवाद
बुलंदशहर। जिले के 78 कॉलेजों में स्नातक प्रथम वर्ष की बीए, बीएससी व बीकॉम समेत अन्य पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया शुक्रवार को भी जारी रही। दूसरी मेरिट में शामिल छात्र-छात्राओं को 23 अगस्त तक का समय दिया गया है। सभी कॉलेजों में स्नातक की 28 हजार से अधिक सीटों पर प्रवेश होने हैं।
डीएवी पीजी कॉलेज के प्राचार्य प्रो. राजीव सिरोही और आईपी कॉलेज प्रथम परिसर के प्राचार्य डॉ. अरविंद कुमार ने बताया कि शुक्रवार को जिले भर के कॉलेजों में विद्यार्थियों ने काउंटर पर पहुंच कर अपना प्रवेश सुनिश्चित कराया। उन्होंने बताया कि इस मेरिट में शामिल छात्र-छात्राएं शनिवार तक अपना प्रवेश हरहाल में करा लें। साथ ही वह अपनी पूरी तैयारी के साथ कॉलेज पहुंचे, ताकि प्रवेश कराते समय किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। विद्यार्थी किसी भी तरह की समस्या आने पर कॉलेज से संपर्क कर उसे दूर करवा सकते हैं। अभी तक जिले के कॉलेजों में करीब 65 फीसदी सीटों पर प्रवेश प्रक्रिया पूरी हो चुकी है।