बुलंदशहर। एसओजी और जहांगीराबाद पुलिस ने बृहस्पतिवार तड़के कार से भाग रहे बदमाशों का पीछा कर नगर कोतवाली क्षेत्र के गांव मऊखेड़ा स्थित रेलवे ओवरब्रिज पर घेर लिया। इस दौरान एक बदमाश कार से उतरकर ओवरब्रिज से नीचे कूद गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने उसके साथी दस बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है।
थाना जहांगीराबाद क्षेत्र के गांव रोंडा में 19 जून की रात विद्युत तार चोरी की घटना हुई थी। एसएसपी ने एसओजी को इस मामले के राजफाश के लिए लगाया था। बताया गया कि बृहस्पतिवार देर रात पुलिस को सूचना मिली कि कुछ बदमाश हापुड़ जनपद में विद्युत तार चोरी की घटना को अंजाम देकर लौट रहे हैं। पुलिस ने घेरकर तीन बदमाशों को एक बुलेट मोटरसाइकिल व पिकअप गाड़ी के साथ गिरफ्तार कर लिया। पिकअप में हापुड़ से चोरी किया गया गया विद्युत तार भी लदा हुआ था।
पुलिस की भनक लगते ही वारदात में शामिल अन्य बदमाश सेंट्रो कार से फरार हो गए। इस पर पुलिस की टीमों ने बदमाशों का पीछा शुरू कर दिया। आरोपियों के बुलंदशहर नगर क्षेत्र में दाखिल होने पर मऊखेड़ा ओवरब्रिज पर पुलिस ने उनकी घेराबंदी कर ली। पुलिस जैसे ही आरोपियों के पास जाने लगी तो कार में सवार एक बदमाश नाजिम उर्फ कलुआ निवासी भुजपुरा अलीगढ़ भागने के प्रयास में ओवरब्रिज से नीचे कूद गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। कार में सवार उसके सात साथियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया गया। पकड़े गए बदमाशों की शिनाख्त इदरीश, गुलफाम, अफसर, मुस्तकीम, शाहरुख, समीम, निवासीगण गांव चिट्टा शेरगढ़ी थाना सलेमपुर जनपद बुलंदशहर, फरहान निवासी गांव रिवाड़ा थाना जहांगीराबाद जनपद बुलंदशहर, इमरान, नबील निवासीगण सैय्यदों वाली मस्जिद के पास बेहटा हाजीपुर थाना लोनी बॉर्डर जनपद गाजियाबाद और बाजुरद्दीन निवासी सरकारी स्कूल के पास बेहटा हाजीपुर थाना लोनी बॉर्डर जनपद गाजियाबाद के रूप में हुई है। आरोपियों के पास से वारदात में प्रयुक्त सेंट्रो कार, एक महिंद्रा पिकअप, एक बुलेट, हापुड़ के ग्राम ददायरा के जंगल से चोरी किया गया दस क्विंटल बिजली का तार और 30 हजार रुपये की नकदी बरामद हुई है।
पूछताछ पर आरोपियों ने बताया कि वे लोग मोटरसाइकिल से रेकी कर रात में विद्युत तार चोरी करते हैं। थाना जहांगीराबाद क्षेत्र से चोरी तार को बेच दिया था। पुलिस ने बताया कि मृतक बदमाश पर विभिन्न जनपदों के कई थानों में 14 मुकदमे दर्ज हैं।