बुलंदशहर। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से संबद्ध कॉलेजों में स्नातक प्रथम सेमेस्टर के परीक्षा फार्म भरे जा रहे हैं। सीसीएसयू ने अब परीक्षा शुल्क जमा कराने के लिए एक जनवरी तक समय दे दिया है। इससे अब उन छात्र-छात्राओं को भी मौका मिल सकेगा, जिन्होंने अभी तक फार्म नहीं भरा है।
डीएवी पीजी कॉलेज के प्राचार्य प्रो. राजीव कुमार ने बताया कि स्नातक प्रथम सेमेस्टर के सभी पाठ्यक्रमों की परीक्षा के फार्म भरने के लिए 23 दिसंबर तक का समय दिया गया था। इसमें हजारों छात्र परीक्षा फाॅर्म भरने से वंचित रह गए। इन छात्रों की चिंता बढ़ी हुई थी। छात्रों की शिकायत रही कि फॉर्म लाइव नहीं दिख रहा तो किसी के फीस जमा करने का विकल्प नहीं आ रहा।
कई का फार्म बिना फीस जमा किए ही सबमिट हो गया। इस समस्या को देखते हुए सीसीएसयू की ओर से छात्र-छात्राओं को परीक्षा फार्म भरने के लिए मौका दिया है। अब विद्यार्थी एक जनवरी तक छात्र परीक्षा फॉर्म भरेंगे। दो जनवरी को कॉलेज इनका सत्यापन करेंगे और पांच जनवरी को कॉलेज फॉर्म को परीक्षा विभाग में जमा करेंगे।