अनूपशहर। कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान मेले को सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाओं और स्वच्छता को लेकर तहसील सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। एसडीएम मनीष कुमार की अध्यक्षता और अधिशासी अधिकारी गार्गी त्यागी के संचालन में हुई बैठक में विभिन्न विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं। मेले में मुख्य स्नान 24 नवंबर को होगा। मुख्यालय सरस्वती शिशु मंदिर में बनाया जाएगा।
मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के लिए सीसीटीवी कैमरों और वॉच टावरों से निगरानी की जाएगी। सीओ शशांक श्रीवास्तव और कोतवाली प्रभारी जय किशोर गौतम ने बताया कि अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। वर्दीधारी जवानों के साथ सादे कपड़ों में महिला और पुरुष पुलिसकर्मी भी तैनात रहेंगे। गंगा घाटों पर हादसों को रोकने के लिए गहरे पानी वाले स्थानों पर मजबूत बैरिकेडिंग कराई जाएगी।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अलीगढ़ रोड, बुलंदशहर रोड, बाईपास, मलकपुर रोड और बाबा मस्तराम घाट पर पार्किंग स्थल बनाए जाएंगे। यातायात सुचारु रखने के लिए रूट डायवर्जन लागू करने के साथ अतिरिक्त ट्रैफिक पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे। एसडीएम मनीष कुमार ने गंगा पुल पर यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए संभल जिला प्रशासन से समन्वय स्थापित करने की बात कही। पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को पुल की तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश भी दिए गए।
पालिका अध्यक्ष ब्रजेश गोयल और अधिशासी अधिकारी गार्गी त्यागी ने बताया कि मेले को प्लास्टिक मुक्त रखने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। सफाई के लिए अतिरिक्त कर्मचारी लगाए जाएंगे और मोबाइल शौचालयों की व्यवस्था की जाएगी। सीएचसी प्रभारी डॉ. केपी सिंह के अनुसार श्रद्धालुओं के उपचार के लिए मेडिकल कैंप लगाए जाएंगे।
अतिरिक्त डॉक्टर, स्वास्थ्यकर्मी और एंबुलेंस भी तैनात रहेंगी। खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम जांच करेगी। अग्निशमन विभाग की गाड़ियां भी अलर्ट पर रहेंगी। बैठक में गुरु नानक जयंती की व्यवस्थाओं पर भी चर्चा की गई। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।