बुलंदशहर। थाना अगौता क्षेत्र के गांव ढकरौली में वर्ष 2021 में घर के मुख्य द्वार से लकड़ी को हटाने के मामूली विवाद में मारपीट करने के मामले में अदालत ने फैसला सुनाया है। अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश एडीजे-4 प्रमोद कुमार गुप्ता की अदालत ने दोष सिद्ध होने पर तीन अभियुक्तों को तीन-तीन वर्ष के कारावास और 10-10 हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई है। वहीं, मामले के एक अन्य दोषी को एक वर्ष की परिवीक्षा पर छोड़ने का आदेश दिया है।
विज्ञापन
अभियोजन पक्ष के अनुसार, 13 अगस्त 2021 को ढकरौली निवासी हामिद, कादिर, रियाजुल और जुबैर ने वादी पक्ष के घर के गेट से लकड़ी को हटाने की बात पर हमला कर मारपीट की थी। इस संबंध में थाना अगौता में रिपोर्ट दर्ज की गई थी। पुलिस ने मामले की विवेचना कर 1 अक्तूबर 2021 को न्यायालय में आरोप पत्र दाखिल किया था। न्यायालय में अभियोजन पक्ष की ओर से गवाहों व साक्ष्यों के आधार पर सशक्त पैरवी की। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद न्यायाधीश ने कादिर, जुबैर और रियाजुल को तीन-तीन साल की सजा व अर्थदंड तथा हामिद को एक साल की परिवीक्षा की सजा सुनाई।