सिकंदराबाद। राज्य शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद लखनऊ में आयोजित राज्य स्तरीय पंचम आदर्श पाठ योजना पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में ब्लॉक क्षेत्र के परिषदीय विद्यालयों की तीन शिक्षिकाओं को मेडल और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया।
संविलियन विद्यालय मंडावरा की शिक्षिका सीमा त्यागी ने बताया कि आदर्श पाठ योजना प्रतियोगिता पहले जनपद स्तर पर आयोजित कराई गई थी। जिसमें उनके अलावा, उच्च प्राथमिक विद्यालय तिलबेगमपुर की प्रीति कश्यप, उच्च प्राथमिक विद्यालय बिरौंड़ी ताजपुर की सपना के पाठ का योजना हेतु चयन हुआ था। आदर्श पाठ योजना निर्माण प्रतियोगिता का आयोजन लखनऊ में किया गया। जिसमें राज्य स्तर पर उन तीनों के पाठ को चयनित किया गया। आयोजित कार्यक्रम में निदेशक अंजना गोयल ने मेडल और प्रमाण पत्र देकर उन्हें सम्मानित किया। इस मौके पर संयुक्त शिक्षा निदेशक डॉ. पवन सचान, उप शिक्षा निदेशक दीपा तिवारी आदि मौजूद रहे। शिक्षिकाओं के चयनित होने पर साथी शिक्षिकाओं व शिक्षकों में हर्ष का माहौल है।