बुलंदशहर। जनपद न्यायाधीश पंकज कुमार सिंह, डीएम सीपी सिंह और एसएसपी श्लोक कुमार ने संयुक्त रूप से जिला कारागार का सोमवार शाम निरीक्षण किया। साथ ही निरूद्ध बंदियों के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। बैरक का निरीक्षण करते हुए बंदियों से जेल प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराई जा रही व्यवस्थाओं की जानकारी भी ली गई। साथ ही ऐसे बंदियों से भी जानकारी ली गई जिनके मुकदमों में पैरवी के लिए कोई अधिवक्ता नियुक्त नहीं है या उनकी सुनवाई संबंधी कोई तिथि नियत नहीं हो पा रही है। रसोई का निरीक्षण करते हुए शाम के लिए तैयार किए गए भोजन की गुणवत्ता को भी परखा गया। मशीन से तैयार की जा रही रोटियों की गुणवत्ता को भी परखा गया। साथ भोजन वितरण करने के संबंध में भी जानकारी ली गई। इस अवसर पर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, जेल अधीक्षक, जेलर सहित कारागार के अधिकारी मौजूद रहे। संवाद