बुलंदशहर। शिक्षक दिवस पांच सितंबर पर दिए जाने वाले राज्य शिक्षक पुरस्कार के लिए जिले के तीन परिषदीय शिक्षकों ने आवेदन किया है। बीएसए कार्यालय ने सत्यापन के बाद तीनों की पत्रावली शासन को भेज दी है। इसी सप्ताह चयनित नामों की सूची जारी होने की उम्मीद है। वहीं, जिले से इस बार भी राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए एक भी आवेदन नहीं हुआ है।
राज्य पुरस्कार की दौड़ में अगौता ब्लॉक के उच्च प्राथमिक विद्यालय धमैड़ा कीरत के सहायक अध्यापक रवि कुमार, पहासू के संविलियन विद्यालय पंडरावल के शिक्षक मेघ सिंह और स्याना ब्लॉक के संविलियन विद्यालय की शिक्षिका जूली मलिक शामिल हैं। तीनों ने अपने स्कूलों में नवाचार, छात्र नामांकन बढ़ाने और भौतिक संसाधनों के सुदृढ़ीकरण को लेकर किए गए कार्यों का ब्योरा दिया है।
दूसरी ओर, राष्ट्रपति पुरस्कार (राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार) के लिए इस साल भी जिले से एक भी आवेदन नहीं आए। दो साल पहले जहांगीराबाद के शिवकुमार अग्रवाल जनता इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य को राष्ट्रपति पुरस्कार मिला था। बेसिक शिक्षा अधिकारी वीरेंद्र कुमार सिंह ने बताया राज्य शिक्षक पुरस्कार के लिए आवेदन करने वाले तीन शिक्षकों के नाम शासन को भेजे गए हैं।
इनमें से एक को राज्य पुरस्कार मिलेगा। राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए कोई आवेदन नहीं आया। शासन स्तर से जल्द फाइनल सूची आएगी। उधर, माध्यमिक शिक्षा विभाग में अभी राज्य पुरस्कार के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू भी नहीं हुई है।