सिकंदराबाद पुलिस ने तस्करों से बरामद किए हथियार। स्रोत: संवाद
बुलंदशहर। सिकंदराबाद कोतवाली पुलिस ने तीन शातिर अंतरराज्यीय हथियार तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से इटली में बनी चार पिस्टल और कारतूस बरामद किए गए हैं। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ऑन डिमांड हथियारों की सप्लाई किया करते थे। पूछताछ के बाद आरोपियों को जेल भेज दिया गया।
मंगलवार को पुलिस लाइन में सीओ सिकंदराबाद भास्कर कुमार मिश्रा ने बताया कि जिले में अपराधियों की धरपकड़ के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सिकंदराबाद पुलिस ने एक सूचना के आधार पर अंतरराज्यीय हथियार तस्करों को गिरफ्तार किया है। 23 जून की रात को सिकंदराबाद पुलिस की टीम ने गेसूपुर नहर चेक पोस्ट पर एक बाइक पर सवार तीन संदिग्धों को पकड़ लिया।
आरोपियों के पास से तलाशी में इटली में बनीं पिस्टल बरामद की गईं। जिनकी बाजार में कीमत करीब पांच से सात लाख रुपये आंकी जा रही है। आरोपियों से बरामद बाइक के भी चोरी-लूट का होने की आशंका है। पुलिस की पूछताछ में आरोपियों की पहचान रूहैल उर्फ साहिल निवासी मोहल्ला मोरीगेट थाना अनूपशहर, आरिश निवासी मोहल्ला रिसालदारान थाना सिकंदराबाद और साकिब निवासी मोहल्ला जमाईपुरा थाना सिकंदराबाद के रूप में हुई है।
आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि दिल्ली, गौतमबुद्धनगर, गाजियाबाद, हापुड़ समेत एनसीआर में वह ऑन डिमांड हथियारों की सप्लाई करते हैं। सिकंदराबाद में एक हिस्ट्रीशीटर सलमान को हथियार देने के लिए तीनों आरोपी आए थे। अब तक आरोपियों से काफी मात्रा में हथियार सप्लाई किए जा चुके हैं, जिसके बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। सीओ ने बताया कि गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में पता किया जा रहा है। पकड़े गए तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
आपरेशन शस्त्र के तहत होगी अग्रिम कार्रवाई
डीआईजी मेरठ रेंज द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन शस्त्र के तहत पुलिस अब आरोपियों को कस्टडी रिमांड पर लेकर अग्रिम कार्रवाई करेगी। पुलिस आरोपियों से जुड़े लोगों की पहचान करने में जुट गई है। आरोपी हथियार कहां से लाते थे और किन-किन लोगों को अब तक सप्लाई की जा चुकी है, इन सभी बिंदुओं पर जांच की जाएगी।