बुलंदशहर। माध्यमिक शिक्षा विभाग के तीन विद्यालय प्रोजेक्ट अलंकार योजना में शामिल हुए हैं। इनमें होने वाले विकास कार्यों पर करीब 1.85 करोड़ रुपये खर्च होंगे। डीआईओएस के अनुसार इन सभी विद्यालयों का प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा जा रहा है।
जिला विद्यालय निरीक्षक विनय कुमार ने बताया कि प्रोजेक्ट अलंकार योजना में नियमानुसार 75 फीसदी धनराशि शासन से आएगी और 25 फीसदी सरकारी स्कूलों को देनी होगी। इस योजना में अमर सिंह इंटर कॉलेज लखावटी को शामिल किया गया है। इस विद्यालय पर करीब एक करोड़ रुपये खर्च होंगे। श्यौदान सिंह जनता इंटर कॉलेज ताल बिबियाना को भी योजना में शामिल कर करीब 60 लाख रुपये खर्च करने का प्रावधान रखा गया है। इसी तरह गांधी इंटर कॉलेज करनपुर को योजना में शामिल कर करीब 25 लाख रुपये खर्च करने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। उन्होंने बताया कि इस राशि से इन विद्यालयों में प्रोजेक्ट अलंकार के 35 बिंदुओं में शामिल स्मार्ट क्लास, विषयवार विज्ञान लैब, पुस्तकालय, कंप्यूटर लैब, मल्टीपरपज हाल, फर्नीचर, रसोईघर, साइकिल स्टैंड, स्वच्छ शौचालय, पेयजल, इंटरनेट, हरियाली, बाउंड्री वाल, खेल का मैदान, स्टेज और गार्ड रूम आदि विकास कार्य होंगे। उन्होंने बताया कि संभावना है कि जल्द ही शासन से भेजे जा रहे प्रस्ताव पर स्वीकृति प्रदान कर दी जाएगी। इसके बाद राशि मिलने पर इन विद्यालयों में होने वाले विकास कार्य शुरू करा दिए जाएंगे।