बुलंदशहर। जनपद में सोमवार को तीन अलग-अलग हादसों में बालक और किशोर समेत कुल तीन लोगों की जान चली गई। चोला में सड़क किनारे खड़े बच्चे को कार ने रौंद दिया तो सराय छबीला में किशोर को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। पुलिस तीनों मामलों में जांच कर रही है।
केस-एक : बाइक सवार छात्र को वाहन ने मारी टक्कर
औरंगाबाद थाना क्षेत्र स्थित एक स्कूल में कक्षा नौ में पढ़ने वाले आदित्य (16) निवासी धौलाना जनपद हापुड़ स्कूल के ही हॉस्टल में रहते थे। सोमवार सुबह वह किसी की बाइक लेकर औरंगाबाद आए थे। बालका मोड़ के निकट किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने छात्र की शिनाख्त कर स्कूल प्रशासन और परिजनों को सूचना दी। परिजनों ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
केस-दो : कार की टक्कर से गई मासूम की जान
चोला में भाई की शादी में आई बहन की खुशियां मातम में बदल गईं। ननिहाल में आए उनके इकलौते पुत्र की हादसे में मौत हो गई। जहांगीरपुर थाना क्षेत्र के गांव कलाखुरी निवासी बबीता चोला क्षेत्र के गांव सुल्तानपुर में अपने भाई कृष्ण की शादी में आई थीं। 28 फरवरी को बरात गई थी। रविवार सुबह बरात लौटी। रविवार दोपहर उनका सात वर्षीय पुत्र कान्हा गांव में सड़क किनारे खड़ा था। इसी दौरान तेज रफ्तार कार चालक ने उसे टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों ने बच्चे को अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों उसे मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि कार के नंबर के आधार पर अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। जांच की जा रही है।
केस-तीन : हाईवे पर साइकिल सवार वृद्ध को मारी टक्कर
शिकारपुर में मेरठ-बदायूं स्टेट हाईवे पर जलालपुर कटोरा मोड़ के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार वृद्ध की मौत हो गई। इस मामले में मृतक के पुत्र में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। कोतवाली क्षेत्र के गांव जलालपुर कटोरा निवासी 75 वर्षीय बालकिशन शर्मा खेती-बाड़ी करते थे। रविवार को वह किसी काम से पड़ोसी गांव रानउ गए थे। लौटते समय जलालपुर कटोरा मोड़ के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनकी मोटर साइकिल में टक्कर मार दी। सिर में चोट लगने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सीओ शिव ठाकुर ने बताया कि मृतक के पुत्र राम शर्मा की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जाएगा।