बुलंदशहर। स्वतंत्रता दिवस पर उत्कृष्ट और सराहनीय कार्य करने के लिए जनपद के दस पुलिसकर्मियों को चिह्नित किया गया है। जिनमें से एक उपनिरीक्षक समेत तीन पुलिसकर्मियों को गृह मंत्रालय का अति उत्कृष्ट सेवा पदक से सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा डीजीपी यूपी के सिल्वर शौर्य चिह्न से तीन और सराहनीय सेवा सम्मान चिह्न से चार पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया जाएगा।
शासन की ओर से जारी लिस्ट में गृह मंत्रालय के अति उत्कृष्ट सेवा पदक के लिए जनपद में तैनात उपनिरीक्षक राजन सिंह को, हेड कांस्टेबल मनोज कुमार और त्रिवेंद्र कुमार शर्मा का नाम चुना गया है। जिन्हें सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा सेवा अभिलेख के आधार पर डीजीपी यूपी के सराहनीय सेवा सम्मान चिह्न के लिए जनपद में तैनात निरीक्षक रवि रतन सिंह और हेड कांस्टेबल ओमप्रकाश सिंह को चुना गया है। जबकि, शौर्य के आधार पर डीजीपी यूपी के सराहनीय सेवा सम्मान चिह्न के लिए उपनिरीक्षक संदीप कुमार को और हेड कांस्टेबल कपिल कुमार का नाम चयनित किया गया है।
इसके अलावा लिस्ट में शौर्य के आधार पर डीजीपी के प्रशंसा चिह्न सिल्वर पदक के लिए निरीक्षक मोहम्मद असलम को, आरक्षी रोहित कुमार को और आरक्षी नरेंद्र कुमार को चुना गया है। इन सभी को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अधिकारियों के द्वारा सम्मानित किया जाएगा। वहीं, एसएसपी श्लोक कुमार ने इन सभी पुलिसकर्मियों को चयनित होने पर बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।