खुर्जा देहात पुलिस की ओर से गिरफ्तार किए गए तार चोर। स्रोत- पुलिस
खुर्जा। देहात थाना पुलिस और स्वाट टीम ने ट्रांसफार्मर से तारों की चोरी करने वाले तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से एक लाख रुपये से अधिक की कीमत का 28 किग्रा तांबे का तार व 61 किग्रा तांबे की रिंग बरामद की गई। पिछले दो माह में आरोपियों ने तीन ट्रांसफार्मर में से चोरी की थी। चुराए गए तारों को वह सस्ते दामों में कबाड़ी को बेचते थे।
सीओ खुर्जा विकास प्रताप सिंह चौहान ने बताया कि क्षेत्र में ट्रांसफार्मर से तार चोरी की घटना बढ़ रही थी। इसी के चलते मंगलवार रात को खुर्जा देहात व स्वाट टीम संयुक्त रूप से चेकिंग कर रही थी। तभी एक कैंटर को रोका गया, जिसमें तीन युवक थे।
जांच करने पर कैंटर में भारी मात्रा में तांबे के तार व ट्रांसफार्मर के उपकरण थे। पूछताछ की तो आरोपी भागने का प्रयास करने लगे। पुलिस ने उन्हें वहीं दबोच लिया। उनकी पहचान सिकंदराबाद के भटवाला मोहल्ला निवासी शहजान, अंधेल मोहल्ला निवासी असलम व रिसालदरान मोहल्ला निवासी इब्राहिम उर्फ बिल्लू के रूप में हुई।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह बिजली जाने पर ट्रांसफार्मर के तारों को काट देते हैं। उसके बाद उसमें से तेल व तांबे के तार काट कर निकाल लेते हैं। खुर्जा देहात थाना प्रभारी मोहम्मद असलम ने बताया कि शहजान व असलम ने आठ जनवरी की रात को बुलंदशहर के चंदेरू गांव में लगे ट्रांसफार्मर से चोरी की थी।
22 जनवरी को सिकंदराबाद के करीम नगर मोहल्ले में और 4 फरवरी को खुर्जा देहात के मामन खुर्द फ्लाईओवर के पास से चोरी की थी। आरोपियों के अन्य अपराधों की जांच की जा रही है।