अरनिया पुलिस ने बाहरी राज्यों में फर्जी प्राइवेट कंपनी बनाकर ऑनलाइन धोखाधड़ी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस मामले में पुलिस ने गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जिनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने के बाद उन्हें जेल भेज दिया गया। हालांकि एक आरोपी अभी भी फरार है।
गिरोह के पास से तीन लैपटॉप, 10 मोबाइल फोन, 4 एटीएम कार्ड, 2 डीएल, दो आधार कार्ड, दो पैनकार्ड, दो वोटर आईडी कार्ड, तीन सिम कार्ड, दो लैपटॉप चार्जर, एक आरसी समेत अन्य कागजात बरामद हुए। इसके अलावा दो चार पहिया वाहन और दो लाख रुपये नकदी पुलिस ने बरामद की है।
सीओ खुर्जा राघवेंद्र मिश्रा ने रविवार को कोतवाली परिसर में प्रेस वार्ता करते हुए बताया कि फर्जी प्राइवेट कंपनी बनाकर ऑनलाइन धोखाधड़ी करते हुए फाइल चार्ज समेत अन्य कई करों को आधार बनाकर आनलाइन ठगी करने वाले एक बड़े गिरोह के तीन नटवरलालों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
पकडे़ गए आरोपियों में ढकपुरा का रहने वाला राहुल ,रुदरी का रहने वाला प्रदीप और फूलगढ़ी का रामनरेश शामिल है, जबकि ढ़कपुरा का रहने वाला कुलदीप पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। सुनील चौहान पर पहले से ही अरनिया थाना में कई मुकदमे दर्ज हैं। इस गिरोह का पर्दाफाश करने वाली पुलिस टीम के लिए एसएसपी ने इनाम की घोषणा की है।