स्याना में मोहल्ला विकास मार्केट में चोरी की घटना के बाद बिखरा पड़ा सामान। संवाद
स्याना। कोतवाली क्षेत्र में बंद पड़े दो मकानों को चोरों ने निशाना बनाया। एक बैंक मैनेजर और उनकी पड़ोसी महिला के घर से चोर हजारों रुपये की नगदी और लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए। दोनों ही परिवार शादी समारोह में गए हुए थे। पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
मोहल्ला विकास मार्केट निवासी बैंक मैनेजर संजीव कुमार ने कोतवाली पुलिस को तहरीर दी। बताया कि वह और उनके परिवार के सदस्य शादी समारोह में अपने पैतृक गांव हसनपुर, अमरोहा गए हुए थे। अज्ञात चोर ताला तोड़कर घर में घुसे और करीब 50 हजार रुपये की नगदी सहित सोने व चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। चोरी आभूषण की कीमत लगभग डेढ़ लाख रुपये बताई जा रही है। इसी मोहल्ले में मैनेजर के पड़ोस में रहने वाली रीता आर्य के घर को भी चोरों ने निशाना बनाया। रीता आर्य ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह अपनी रिश्तेदारी में नोएडा गई हुई थीं। चोरों ने उनके भी बंद घर का ताला तोड़ दिया और करीब आठ हजार रुपये की नगदी सहित सोने व चांदी के आभूषण उड़ा लिए।
एक ही रात में दो बंद घरों में चोरी से मोहल्लेवासियों में भय व्याप्त है। सीओ प्रखर पांडेय ने बताया कि दोनों तहरीरें मिली हैं। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है।