अहमदगढ़ पुलिस द्वारा गिरफ्तार मुकेश हत्याकांड के आरोपी। स्रोत: पुलिस।
बुलंदशहर। अहमदगढ़ थाना क्षेत्र में पूर्व प्रधान मुकेश की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मुकेश की हत्या उनके साथ शराब पीने वाले दोस्तों ने ही की थी। तीन नवंबर को ट्यूबवेल पर हुई शराब पार्टी के दौरान गाली-गलौज और कपड़े फाड़ने जैसी अभद्रता से नाराज होकर उनके दोस्तों ने मुकेश का गला दबाया और फिर आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को पेड़ से लटका दिया। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर वारदात का राजफाश किया है।
एसपी देहात डाॅ. तेजवीर सिंह ने बताया कि 4 नवंबर 2025 को अहमदगढ़ थाना क्षेत्र के गांव बाद निवासी पूर्व प्रधान मुकेश का शव गांव के जंगल में पेड़ पर फंदे से लटका मिला था। उनके पुत्र करन की तहरीर पर 7 नामजद आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी। थाना अहमदगढ़ पुलिस और स्वाट टीम देहात की जांच में सभी नामजद आरोपी गलत पाए गए और चार अन्य व्यक्तियों के नाम प्रकाश में आए। इनमें से पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इनकी पहचान कुम्मन उर्फ कुंभीर उर्फ कुंवरपाल निवासी गांव सालाबाद, थाना छतारी और पूरन सिंह उर्फ कल्लन सिंह निवासी पोखरगढी, थाना जवां, अलीगढ़ के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपी कुम्मन ने बताया कि वह अक्सर मुकेश के साथ शराब पीता था। कुछ दिन पहले मुकेश ने शराब पीकर उसे गालियां दी थीं और उसके कपड़े फाड़ दिए थे। इस बात का उसे बहुत बुरा लगा था और उसने मन ही मन मुकेश की हत्या करने की ठान ली थी।
3 नवंबर 2025 की शाम को कुम्मन और पूरन सिंह अपने दो अन्य साथियों प्रेम सिंह और नरेन्द्र के साथ मुकेश की ट्यूबवेल पर शराब पी रहे थे। शराब के नशे में मुकेश ने फिर से गाली-गलौज शुरू कर दी, जिससे नाराज होकर चारों ने मिलकर मुकेश का मुंह दबा दिया। जब मुकेश बेहोश हो गए तो चारों उसे खींचकर पेड़ के पास ले गए। आत्महत्या दिखाने के लिए उन्होंने मुकेश के अंगोछे से उनका गला बांधकर शव को पेड़ से लटका दिया। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक मोबाइल फोन बरामद किया है। दोनों को पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। कुम्मन का लंबा आपराधिक इतिहास है, उसके खिलाफ लूट, हत्या का प्रयास, मारपीट और गैंगस्टर एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में 15 मुकदमे दर्ज हैं।