अनूपशहर। कस्बे में विद्युत विभाग द्वारा नए फीडर अहार गेट 2 का निर्माण किया जा रहा है। यह फीडर अहार गेट फीडर से अलग किया जा रहा है। इससे 4000 विद्युत उपभोक्ताओं को लाभ मिलेगा।
ऊर्जा निगम के अधिशासी अभियंता विद्युत सौरभ कुमार मिश्रा ने बताया कि अहार गेट फीडर पर क्षमता से अधिक लोड है। इस कारण फॉल्ट और लो वोल्टेज की समस्याएं आती हैं। वर्तमान में फीडर पर डबल सर्किट का काम चल रहा है। एसडीओ शैलेंद्र सारस्वत ने बताया कि नए फीडर का काम तेजी से हो रहा है। अहार गेट फीडर पर करीब 210 एंपियर का लोड है। एक फीडर पर 120 एंपियर का लोड होना चाहिए।
नए फीडर के लिए 30 पोल लगाए जा चुके हैं। अनूपशहर कस्बे में अभी चार फीडर हैं। इनमें तहसील फीडर, मंडी फीडर, छपैती फीडर और अहार गेट फीडर शामिल हैं। नया फीडर बनने से कस्बे में फीडरों की संख्या पांच हो जाएगी। अहार गेट फीडर को दो भागों में बांटने से फॉल्ट की स्थिति में पूरा फीडर बंद नहीं करना पड़ेगा। एक भाग में फॉल्ट होने पर दूसरा भाग चालू रह सकेगा। ऊर्जा निगम कस्बे की क्षतिग्रस्त विद्युत लाइनों को भी बदलेगा। विभाग ने वार्ड सदस्यों से क्षतिग्रस्त लाइनों की जानकारी लिखित में देने को कहा है।