खुर्जा। नगर क्षेत्र की 14 कॉलोनियों में बुधवार को पूरे दिन बिजली गुल रही। घरों व दुकानों पर लगे इन्वर्टर बैटरी भी बंद हो गई। पूरे दिन बिजली नहीं आने से लोग परेशान हो गए। वहीं पानी की किल्लत भी बनी रही। खुर्जा नगर की चमन विहार कॉलोनी निवासी अनुज शर्मा ने बताया कि बुधवार सुबह करीब दस बजे अचानक बिजली चली गई थी। शुरूआत में लगा सामान्य ब्रेकडाउन है, लेकिन दो तीन घंटे तक बिजली नहीं आने पर उन्होंने ऊर्जा निगम कर्मचारी से जानकारी ली। कर्मचारी ने बताया कि मंदिर मार्ग के पास हाइटेंशन लाइन टूटकर गिर गई। इस वजह से बिजली घर नंबर पांच, कालिंदी कुंज और बिजली घर नंबर चार से जुड़े फीडर पर शटडाउन लिया गया। ऐसे में पूरी दोपहर विद्युत सप्लाई ठप रही।
गोकुल विहार निवासी अनिल ने बताया कि बिजली नहीं आने के कारण काफी दिक्कत का सामना करना पड़ा। दोपहर घर के बाहर धूप रही और अंदर बिना बिजली के उमस ने परेशान किया। वहीं, अघोषित कटौती के कारण पानी की किल्लत बनी रही। ऐसे में चमन विहार, गोकुल विहार, न्यू किला गांव मार्ग, सिद्धेश्वर मंदिर मार्ग, नव दुर्गा शक्ति मंदिर कॉलोनी, प्रीत विहार, मुरारी नगर, विजय नगर, कालिंदी कुंज समेत 14 कॉलोनियों में आपूर्ति ठप रही।
एसडीओ अविनाश चौधरी ने बताया कि हाइटेंशन लाइन टूट गई थी, जिसके चलते आपूर्ति बाधित रही। लाइन को जुड़वाने का कार्य किया गया। इसलिए शाम तक सप्लाई बंद रही। रात को कार्य पूरा होने के बाद सप्लाई चालू कर दी गई।