संगम एक्सप्रेस में आरक्षण वाले कोच में बैठे यात्रियों की भीड़। संवाद
संवादबुलंदशहर। प्रयागराज जाने वाली संगम एक्सप्रेस में चढ़ने के लिए प्रतिदिन श्रद्धालुओं को धक्का-मुक्की करनी पड़ रही है। आरक्षण कराने वाले श्रद्धालुओं को भी अपनी सीट तक पहुंचने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। मंगलवार रात भी कई कोच के गेट न खुलने पर श्रद्धालुओं ने नाराजगी जताई।
बुलंदशहर से प्रयागराज के सूबेदारगंज स्टेशन के लिए प्रतिदिन संगम एक्सप्रेस का संचालन होता है। यह ट्रेन मेरठ से सूबेदारगंज प्रतिदिन अप-डाउन संचालित हो रही है। महाकुंभ से पहले संगम एक्सप्रेस में बुलंदशहर स्टेशन से जहां 10 से 20 यात्री सफर करते थे, वहीं इन दिनों यह संख्या 400 से अधिक पहुुंच गई है। ट्रेन में सीट के लिए प्रतिदिन मारा-मारी हो रही है। श्रद्धालुओं को ट्रेन से उतारने व बैठाने में आरपीएफ, जीआरपी और रेलवे कर्मियों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है। यात्री सुनील कुमार ने बताया कि स्टेशन पर काफी भीड़ थी। उनका कंफर्म टिकट था लेकिन ट्रेन आने पर कोच का गेट ही नहीं खुला।
स्टेशन अधीक्षक शैलेंद्र कुमार ने बताया कि संगम एक्सप्रेस में प्रतिदिन 200 के करीब जनरल टिकट पर और 100 से अधिक आरक्षण टिकट लेकर सफर कर रहे हैं। यात्रियों की भीड़ अधिक होने से स्टेशन पर धक्का-मुक्की का हाल बना रहता है। प्रयागराज ट्रैक पर ट्रेनों की संख्या बढ़ने से कुछ देर हो जाती है।