बुलंदशहर/खुर्जा। जिले में बुधवार रात झमाझम बारिश के दौरान शहर में तीन से चार घंटे तो देहात क्षेत्रों में 12 घंटे तक बिजली कटौती से लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी। स्थिति यह रही कि बारिश के दौरान ही नगर क्षेत्र में करीब तीन से चार घंटे की बिजली कटौती हुई। जबकि देहात क्षेत्रों में पूरी रात के साथ बृहस्पतिवार को दिनभर भी लोगों को बिजली की किल्लत से जूझना पड़ा।
बुधवार देर रात जिले में झमाझम बारिश शुरू होने के साथ ही लोगों को बिजली संकट से जूझना पड़ा। शहर के रामपुरा, आवास विकास, टांडा, नीमखेड़ा, हाईडिल काॅलोनी, वलीपुरा, यमुनापुरम, सब्जी मंडी समेत अन्य बिजलीघर के क्षेत्रों में एक से दो घंटे बिजली सप्लाई प्रभावित रही। वहीं देहात क्षेत्र में बिजली सप्लाई पूरी तरह ठप रही। स्थिति यह रही कि ग्रामीण क्षेत्रों में देर रात तक बारिश के चलते बिजली सप्लाई चालू नहीं की गई। सुबह के समय बिजली कर्मचारी समस्या को दूर करने के लिए निकले, लेकिन इसे ठीक करने में बृहस्पतिवार को भी दोपहर तक का समय लग गया। जिसके चलते दो सौ से अधिक गांवों में लोगों को 12 घंटे तक बिजली कटौती से जूझना पड़ा। इसके बाद दिन के समय में बार-बार हुई कटौती से भी लोग परेशान रहे।
वहीं बृहस्पतिवार को दिन भर जहांगीराबाद, गुलावठी, शिकारपुर, चोला, ककोड़,स्याना, अनूपशहर, नरसेना, सिकंदराबाद, खुर्जा समेत अन्य क्षेत्रों के गांवों में लोगों को बिजली संकट से परेशान होना पड़ा। गांव अनिवास निवासी रोशन सिंह ने बताया कि रात भर गांवों में बिजली सप्लाई की परेशानी रही। गांव रौंडा निवासी संतोष कुमार ने बताया कि बिजली सप्लाई प्रभावित रहने के कारण घरों ने लगे इनवर्टर भी फेल हो रहे हैं। हालांकि बारिश के चलते गर्मी से राहत मिली है, लेकिन रोजमर्रा के कार्यों के लिए परेशान होना पड़ रहा है।
खुर्जा की आठ कॉलोनियों बढ़ रही ट्रिपिंग की समस्या
बृहस्पतिवार को आठ कॉलोनियों में लगभग पांच घंटे की कटौती रही और शेष समय में ट्रिपिंग की समस्या बनी रही। ऐसे में लोगों को काफी समस्या का सामना करना पड़ा। श्री नव दुर्गा शक्ति मंदिर कॉलोनी, सिद्धेश्वर मंदिर कॉलोनी, चमन विहार कॉलोनी, कालिंदी कुंज कॉलोनी, मुरारी नगर, प्रीत विहार कॉलोनी समेत आठ कॉलोनियों में विद्युत कटौती की समस्या बनी रही। बुधवार रात आठ बजे से 12 बजे तक प्रत्येक 30 मिनट में बिजली गुल होती रही। वहीं बृहस्पतिवार सुबह चार बजे से नौ बजे तक आपूर्ति ठप रही। इसके बाद भी दिन भर लोगों को आधा घंटे की सप्लाई के बाद एक - एक घंटे की कटौती का सामना करना पड़ा। प्रीत विहार कॉलोनी निवासी विकास ने बताया कि कालोनी में रात दस बजे के बाद से बिजली की समस्या शुरू हो गई थी। वहीं बृहस्पतिवार दोपहर को भी दिक्कत बनी रही। गांधी रोड निवासी सचिन ने बताया कि दोपहर को 12 बजे से दो बजे तक आपूर्ति ठप रही।
लगातार बारिश के चलते कुछ स्थानों पर बिजली सप्लाई प्रभावित हुई थी। बृहस्पतिवार को नगर व ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली सप्लाई को सुचारू करवा दिया गया था। - संजीव कुमार, मुख्य अभियंता, ऊर्जा निगम