सिकंदराबाद। थाना क्षेत्र के गांव सिरौंधन स्थित मंदिर को चोरों ने निशाना बनाया। चोरों ने मंदिर से लाखों रुपये की नकदी चोरी कर ली। यह दानराशि बीते तीन वर्षों से दानपात्र में एकत्र थी।
बीती देर रात अज्ञात चोर दीवार फांदकर मंदिर परिसर में घुसे। उन्होंने परिसर में सो रहे पुजारी के कमरे की कुंडी बाहर से लगा दी। इससे पुजारी को चोरी की भनक तक नहीं लग सकी। चोरों ने मजबूत औजारों से दानपात्र का ताला तोड़ा। उसके भीतर रखी पूरी नकदी बटोरकर फरार हो गए। सुबह करीब पांच बजे पुजारी को घटना का पता चला। उन्होंने शोर मचाकर पड़ोसियों और ग्रामीणों को बुलाया।
घटना की जानकारी मिलते ही सैकड़ों ग्रामीण मंदिर परिसर में जुट गए और उनमें चोरी को लेकर गहरा आक्रोश है। उन्होंने तत्काल देहात कोतवाली पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने मंदिर का बारीकी से निरीक्षण किया, वहीं एसपी सिटी और सीओ सिकंदराबाद ने भी घटनास्थल का मुआयना किया। ग्रामीणों ने पुलिस से जल्द गिरोह का पर्दाफाश कर नकदी बरामद करने की मांग की है। एसपी सिटी अभिषेक प्रताप अजेय ने बताया कि तहरीर के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस आसपास मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, जिससे कि संदिग्धों की आवाजाही का पता लगाया जा सके। जल्द ही वारदात का राजफाश कर दिया जाएगा।