बुलंदशहर।
नगर कोतवाली क्षेत्र में चोरों ने बंद मकान का तोड़कर संदूक में रखी लाइसेंसी पिस्टल, नकदी व लाखों के गहने चोरी कर लिए। पीड़ित महिला ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस सीसीटीवी के आधार पर चोरों की शिनाख्त करने में जुट गई है।
कोतवाली नगर में हंस विहार कॉलोनी निवासी सरला देवी ने तहरीर देकर बताया कि गत 23 जुलाई को वह परिवार के अन्य सदस्यों के साथ अपने गांव मोहाना थाना गुलावठी गई थी। वहां उनको सूचना मिली कि उनके घर का दरवाजा खुला है। इस पर उन्होंने घर आकर देखा तो चोरों ने घर का मुख्य द्वार व अंदर के सभी दरवाजों के ताले तोड़ रखे थे। उनके घर के एक कमरे में अलमारी में बक्सा रखा था। उस बक्से में उनके पुत्र दिनेश कुमार का लाइसेंसी पिस्टल, पिस्टल का लाईसेंस व एक लाख रुपए की नगदी, सोने की चेन, एक अंगूठी और कान के कुंडल रखे थे। बक्से का सारा सामान तितर बितर पड़ा था। जबकि, बक्से में से उक्त सारा सामान गायब मिला। इसकी सूचना पीड़िता ने तत्काल पुलिस को दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की है। साथ ही पीड़िता ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कर चोरों का पता लगाकर कार्रवाई की गुहार लगाई। नगर कोतवाली पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। एसपी सिटी सुरेंद्रनाथ तिवारी ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। चोरों का पता लगाने के लिए पुलिस टीम को लगाया गया है। जल्द ही चोरों की शिनाख्त कर गिरफ्तारी कर ली जाएगी।