बुगरासी। गांव सुलैला में एक दिवसीय दंगल में बड़ी कुश्ती में दोनों पहलवान बराबरी पर रहे। दंगल में दूर-दराज से आए लगभग 50 पहलवानों ने भाग लिया। कुल 25 कुश्ती कराई गई। अंतिम बड़ी कुश्ती अलीगढ़ व सिकंदराबाद के पहलवानों के बीच हुई, जो बराबरी पर छूटी।
गांव सुलैला में वीरेंद्र सिंह गुर्जर की सातवीं पुण्यतिथि पर आयोजित विराट कुश्ती दंगल में अंतरजनपदीय पहलवानों के दमखम दिखाया। दंगल में बुलंदशहर, हापुड़, गाजियाबाद, मेरठ, मुजफ्फरनगर, नोएडा, अमरोहा, हसनपुर, हरियाणा समेत दूर-दराज से पहुंचे 50 नामी पहलवानों ने प्रतिभाग किया। विजेता व उप विजेता पहलवानों को कमेटी द्वारा पुरस्कृत भी किया गया। कुश्ती दंगल का शुभारंभ वीरेंद्र सिंह गुर्जर की प्रतिमा पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
दंगल में आए 50 पहलवानों के बीच 25 कुश्ती कराई गईं। पहलवानों ने अपनी ताकत और कला का बेहतर प्रदर्शन किया। सबसे बड़ी कुश्ती सिकंदराबाद के जुनैद और अलीगढ़ के शाबिर के बीच हुई। दोनों को पूर्व ब्लॉक प्रमुख सुबोध गुर्जर ने हाथ मिलाते हुए कुश्ती शुरू कराई। दोनों पहलवानों के बीच पांच मिनट तक चले दंगल में बराबरी का मुकाबला रहा। डहाना के अरविंद पहलवान ने तीन कुश्ती में दो जीती और एक बराबर छूटी। दंगल के अंत में सभी कमेटी सदस्यों व ग्रामीणों द्वारा सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया गया। इस अवसर पर ईश्वर पहलवान, विपिन शास्त्री, विजय सिंह, नजमुद्दीन पहलवान, खलीफा टीकम सिंह, हरेंद्र सिंह, विनोद कुमार, राजेन्द्र सिंह दरोगा और मास्टर अमरपाल सिंह आदि मौजूद रहे।