सीओ स्याना श्रेष्ठा ठाकुर की जांबाजी के चलते बीजेपी नेताओं की दंबगई धरी की धरी रह गई। बुलंद हौसलों से लवरेज श्रेष्ठा ने कहा कि वह कानून का पालन करा रहीं थी, बस अपनी डयूटी को अंजाम दिया, कुछ भी ऐसा नहीं किया जोकि कानून के तहत गलत है। कुछ लोगों ने मामले को उलझाने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं बनी।
पुलिस अपना काम कर रही है और करती रहेगी। इस घटना में पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी जिला पंचायत सदस्या के पति को न्यायालय परिसर में पुलिस गिरफ्त से छुड़ाने के मामले में भाजपाई घिर गए हैं।
पुलिस ने आरोपी और एक जिला पंचायत सदस्य समेत सात लोगों के खिलाफ नगर कोतवाली में बलवा करने और सरकारी कार्य में बाधा डालने की धाराओं में एफआईआर दर्ज की है। खबर लिखे जाने तक पुलिस ने किसी को गिरफ्तार नहीं किया था। कोर्ट परिसर में हंगामा करने के मामले में यदि न्यायालय संज्ञान लेता है तो मामला और गंभीर हो सकता है।
इसलिए पुलिस भी कोई पेंच छोड़ना नहीं चाहती, इसलिए मामला दर्ज कर कार्रवाई की तैयारी कर ली गई है। बृहस्पतिवार शाम सीओ स्याना श्रेष्ठा ठाकुर ने स्याना में वाहन चेकिंग के दौरान वार्ड नंबर पांच की जिला पंचायत सदस्या प्रवेश देवी के पति प्रमोद लोधी का बिना हेलमेट, बिना कागजात और बिना नंबर के बाइक चलाते पकड़ा गया था।
उसका हेलमेट न होने की धाराओं में चालान काट दिया था। इस दौरान प्रमोद लोधी का पुलिसकर्मियों से विवाद हो गया था। मौके पर प्रमोद लोधी ने सीओ से भी अभद्रता की, जिसके बाद उसके खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने के मामले में एफआईआर दर्ज कराकर उसे गिरफ्तार करा लिया था।
शुक्रवार दोपहर पेशी के दौरान कोर्ट परिसर में जिला पंचायत सदस्य सुनील चरौरा, बीजेपी नेता हरिओम शर्मा व कृष्णकांत शर्मा ने हंगामा कर और पुलिस से धक्का-मुक्की कर पुलिस गिरफ्त से प्रमोद लोधी को छुड़ा लिया था। पुलिस ने करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद प्रमोद को आरोपियों के चंगुल से छुड़ाकर दोबारा गिरफ्तार किया था।
स्याना कोतवाली में तैनात कांस्टेबल सुदेशपाल सिंह ने एसएसपी के आदेश पर सुनील चरौरा, हरिओम शर्मा, प्रमोद लोधी, कृष्णकांत शर्मा और तीन अज्ञात के खिलाफ आईपीसी की धारा 147, 148, 225, 332, 353, 504, 511 एफआईआर दर्ज कराई है।
जानकारों का कहना है कि पुलिस इस मामले की रिपोर्ट शासन को भेजने की भी तैयारी कर रही है। इसके साथ ही परिसर में हंगामा करने के मामले में यदि कोर्ट संज्ञान लेता है तो मामला और गंभीर हो सकता है। फिलहाल धमक दिखाने में भाजपाई बुरे फंस गए हैं।