जहांगीराबाद में अगवा की गई युवती ने धर्म परिवर्तन कर निकाह कर लिया है। युवती और आरोपी ने धर्म परिवर्तन के अलावा शादी करने के साक्ष्य जिला प्रशासन और पुलिस अफसरों को भेज दिए हैं। युवती द्वारा भेजे गए पत्र में उसके परिजनों द्वारा आरोपी युवक के खिलाफ अपहरण की रिपोर्ट खारिज करने और उन्हें सुरक्षा मुहैया कराने की गुहार लगाई गई है।
जहांगीराबाद थाना क्षेत्र की एक युवती का गैर समुदाय के व्यक्ति पर अपहरण करने का आरोप लगाया गया था। युवती के पिता की तहरीर पर गांव सांखनी निवासी अब्बास मिर्जा के खिलाफ दो मई को जहांगीराबाद कोतवाली में अपहरण की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई। युवती की बरामदगी को लेकर सांसद, विधायक, व्यापारियों और हिंदूवादी संगठनों ने व्यापक स्तर पर प्रदर्शन किया।
दबाव के बीच पुलिस ने कई टीमों को युवती की बरामदगी के लिए लगाया, लेकिन कोई सफलता हाथ नहीं लगी।
अब अगवा की गई युवती ने आरोपी व्यक्ति के साथ ही धर्म परिवर्तन कर निकाह कर लिया है। युवती ने बकायदा कानूनी रूप से धर्म परिवर्तन कर आरोपी के साथ निकाह किया है।
युवती और आरोपी व्यक्ति ने धर्म परिवर्तन और निकाह के दस्तावेज ईमेल के माध्यम से जिला प्रशासन और पुलिस अफसरों को भेजे हैं। युवती द्वारा भेजे गए दस्तावेजों के बाद पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया है।
एहतियात के तौर पर युवती के घर और आरोपी व्यक्ति के गांव में पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है।