रेलवे ट्रैक पर बुधवार सुबह दीवार गिरने पर रेलवे स्टेशन पर हड़कंप मच गया। ट्रैक पर काम कर रहे मजदूरों में भगदड़ मच गई। अफसरों ने आनन-फानन में ट्रैक पर गिरा मलबा हटवाया। गनीमत रही कि उस वक्त किसी ट्रेन का समय नहीं था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग स्थित जंक्शन रेलवे स्टेशन के ट्रैक नंबर छह के किनारे जर्जर हो चुकी दीवार सुबह साढ़े नौ बजे अचानक टूटकर गिर गई। इसके चलते ट्रैक पर काम कर रहे मजदूर बाल-बाल बच गए। हादसे से मजदूरों में भगदड़ मच गई।
हालांकि उस दौरान कोई ट्रेन न गुजरने के कारण बड़ा हादसा होने से टल गया। सूचना पर स्टेशन अधीक्षक समेत रेलवे के अन्य अफसर मौके पर पहुंचे। आनन-फानन आधे घंटे के भीतर ट्रैक पर गिरे मलबे को हटाकर रेल रूट सुचारु कर दिया गया। स्टेशन अधीक्षक पीके गुप्ता ने बताया बारिश के कारण जर्जर हो चुकी दीवार गिर गई थी। हालांकि तत्काल मलबे को हटा दिया गया।
आनंद विहार के पास लाइन में तकनीकी दिक्कत की वजह से बुधवार को करीब एक घंटेे तक ट्रैक बाधित रहा। इस वजह से कई ट्रेनों को साहिबाबाद रेलवे स्टेशन पर रोकना पड़ा। यात्रियों को परेशानी हुई।
सुबह करीब नौ बजे आनंद विहार के पास लाइन में तकनीकी खराबी आ गई। इससे गाजियाबाद से दिल्ली जाने वाला रेल ट्रैक बाधित हो गया। दिल्ली-लखनऊ डबल डेकर, गरीब रथ समेत कई पैसेंजर और एक्सप्रेस ट्रेनें साहिबाबाद स्टेशन पर खड़ी रहीं। साथ ही कई ईएमयू ट्रेनों को भी आउटर पर रोका गया।
करीब आधे से पौन घंटे तक ट्रेनें यहां रुकी रहीं। साढ़े दस बजे डबल डेकर को दिल्ली के लिए रवाना किया गया। इसके बाद गरीब रथ ट्रेन को चलाया गया। सबसे ज्यादा परेशानी ईएमयू और पैसेंजर ट्रेनों के यात्रियों को हुई।
महत्वपूर्ण ट्रेनों को रवाना करने के बाद जब ट्रैक क्लीयर हुआ, उसके बाद ईएमयू और पैसेंजर ट्रेनों को रवाना किया गया। इस वजह से यह ट्रेनें लेट हो गईं। करीब 11 बजे तक स्थिति नार्मल हुई। अधिकारियों की मानें तो एक घंटे में फाल्ट ठीक हो पाया।