बुलंदशहर। हाइटेंशन लाइन से ट्रक टकराने के चलते शुक्रवार को नगर के 10 हजार से अधिक घरों में लोगों को चार घंटे तक बिजली संकट झेलना पड़ा। भीषण गर्मी के मौसम में सुबह के समय बिजली सप्लाई न होने के कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। सुबह करीब 10 बजे बिजली सप्लाई चालू होने पर लोगों को राहत मिली।
बृहस्पतिवार शाम नगर के चांदपुर क्षेत्र से गुजर रही 33 केवीए लाइन के एक खंभे से ट्रक टकरा गया था। ट्रक की टक्कर से हाइटेंशन लाइन का खंभा टेढ़ा हो गया था। बिजली अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण करते हुए पाया कि रात के समय में बिजली सप्लाई काटने के बजाय शुक्रवार सुबह खंभे को बदला जाएगा। शुक्रवार सुबह करीब छह बजे बिजली निगम के अधिकारियों ने भूड़ चौराहा स्थित ट्रांसमिशन केंद्र से शटडाउन लिया और खंभे को बदलने का कार्य शुरू किया। खंभा बदलने में करीब चार घंटे का समय लगा। जिसके चलते नगर के हाइडिल कालोनी और अंसारी रोड बिजलीघर से जुड़े 10 हजार से अधिक उपभोक्ताओं के घरों में बिजली सप्लाई प्रभावित रही। सुबह के समय करीब चार घंटे तक बिजली सप्लाई न होने के कारण लोगों को भीषण गर्मी में परेशानी झेलनी पड़ी। इस दौरान अस्पताल रोड, कचहरी रोड, कलक्ट्रेट, शेखसराय, मेडिसन मार्केट, खुर्जा अड्डा, लक्ष्मी नगर, चौक बाजार क्षेत्र, राधा नगर, आदर्श नगर, कैलाशपुरी, शास्त्री नगर, मोहनकुटी, बाईपास रोड, साठा समेत अन्य क्षेत्रों की बिजली सप्लाई प्रभावित रही।
दिन भर ट्रिपिंग के चलते परेशान हुए लोग
दिन में हल्की बूंदाबांदी के बीच बिजली की ट्रिपिंग और उमस भरी गर्मी से लोगों को परेशानी हुई। शहर के साथ देहात क्षेत्र में भी लोगों को पर्याप्त बिजली सप्लाई न मिलने के कारण लोगों में रोष व्याप्त है। लोगों का आरोप है कि भले ही गांवों में 18 और शहर में 20 से 24 घंटे बिजली देने का दावा किया जा रहा है, लेकिन गांवों में आठ से 10 और शहर में 18 घंटे ही बिजली सप्लाई मिल पा रही है।
ग्रामीण क्षेत्र में भी बिजली कटौती जारी, काम हो रहे प्रभावित
शहरी क्षेत्र के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी बिजली कटौती जारी है। ग्रामीणों के अनुसार लगातार ट्रिपिंग का सिलसिला भी जारी है। ऐसे में लोगों के काम भी प्रभावित हो रहे हैं। वहीं, बिजली कटौती के कारण किसानों का काम भी प्रभावित हो रहा है। वह फसलों की समय पर सिंचाई नहीं कर पा रहे तो धान की फसल लगाने की तैयारी प्रभावित हो रही है। शिकारपुर क्षेत्र के गांव चित्सौन स्थित बिजलीघर पर दिन के समय चार घंटे से अधिक समय तक बिजली कटौती रही। इसी के साथ ट्रिपिंग के चलते भी बिजली न होने के कारण लोगों को परेशानी हुई। इसी क्षेत्र के गांव मांगलौर स्थित बिजलीघर पर बृहस्पतिवार की रात कई बार ट्रिपिंग हुई। जबकि शुक्रवार दिन के समय करीब छह घंटे बिजली कटौती रही। अनूपशहर, जहांगीराबाद, डिबाई और दानपुर क्षेत्र में भी ट्रिपिंग और बिजली कटौती रुकने का नाम नहीं ले रही है। यहां पर चार से आठ घंटे तक की बिजली कटौती से लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ा। इस दौरान घरेलू काम भी प्रभावित हो गए। स्याना, औरंगाबाद, अगौता और गुलावठी क्षेत्र में भी ट्रिपिंग और बिजली कटौती के चलते ग्रामीण और किसानों को कई तरह की परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
हाइटेंशन लाइन के खंभे में ट्रक ने टक्कर मार दी थी। इसके शुक्रवार सुबह खंभा बदला गया। इस दौरान लोगों को बिजली संकट से परेशान होना पड़ा। अभिषेक कुमार, एक्सईएन, बिजली निगम