चौक बाजार में रविवार आधी रात एक ट्रक ने बिजली के खंभे को टक्कर मारकर तोड़ दिया। इससे बाजार की बिजली गुल हो गई। खंभा गिरने से दुकानदारों में हड़कंप मच गया। इसके चलते सोमवार को बाजार खुलने पर यातायात प्रभावित हो गया। नमाजियों को भी परेशानी झेलनी पड़ी।
दोपहर बाद भी खंभा नहीं हटने और बिजली न आने पर दुकानदारों ने जाम लगाकर विरोध जताया। करीब आधे घंटा लगे जाम में काफी संख्या में वाहन फंस गए। उधर, सूचना पर पहुंची विद्युत निगम की टीम ने खंभे को हटाया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक बिजली आपूर्ति सुचारु नहीं हुई थी।
बता दें कि दिन के समय बाजारों में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक है। रात के समय ही ट्रक आदि शहर में इंट्री लेते हैं। रविवार रात करीब दो बजे एक ट्रक चौक बाजार में सामान उतारने आया था। ट्रक जब सामान उतारकर लौट रहा था तो उसके चालक ने टक्कर मारकर एक बिजली के खंभे को तोड़ दिया।
हादसा होते ही ट्रक चालक भाग गया। खंभा टूटने से बाजार की बिजली सप्लाई ठप हो गई। सोमवार को जब दुकानदार बाजार में पहुंचे तो हड़कंप मच गया। जिस स्थान पर खंभा टूटा वहां पर मस्जिद भी है। ऐसे में नमाजियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
दुकानदारों ने इसकी सूचना विद्युत निगम को भी दे दी थी, मगर दोपहर बाद तक किसी ने सुध नहीं ली और दुकानदारों के साथ वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सोमवार दोपहर बाद तब खंभा नहीं हटा तो दुकानदारों ने बाजार में जाम लगाकर नारेबाजी शुरू कर दी।
इसके चलते करीब आधा घंटे तक बाजार में जाम की स्थिति बन गई। जाम की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुकानदारों को समझाकर जाम खुलवाया। दुकानदार संदीप कुमार, विनय कुमार, अब्दुल्ला आदि का आरोप था कि खंभा टूटने की सूचना सुबह ही विद्युत निगम को दे दी थी, मगर दोपहर बाद तक भी किसी ने सुध नहीं ली।
इससे यातायात प्रभावित होने के साथ लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में दुकानदारों को जाम लगाने को विवश होना पड़ा। जाम खुलने के बाद सभी ने राहत की सांस ली। मगर समाचार लिखे जाने तक सप्लाई शुरू नहीं हो पाई थी। वहीं, खुर्जा में मंदिर मार्ग पर नाले के चौड़ीकरण का काम होने के चलते कचहरी रोड पर लोग जाम से जूझते रहे।
मकान पर गिरा बिजली का खंभा, 500 घरों में अंधेरा
मोहल्ला काजीवाड़ा में एक मकान पर बिजली का पोल गिरने से हड़कंप मच गया। मकान में मौजूद लोग आनन-फानन में घर से बाहर भागे। वहीं, पोल गिरने से करीब 500 घरों की बिजली गुुल हो गई जिससे रोजेदार परेशान रहे। बता दें कि काजीवाड़ा मुस्लिम बहुल क्षेत्र हैं, बिजली जाने की वजह से इलाके में पानी की सप्लाई भी प्रभावित रही।
मोहल्ला निवासी सगीर अब्बासी ने बताया कि सोमवार को 3.45 बजे उनके मकान के बगल में लगा बिजली का खंभा गिर पड़ा। खंभा गिरने से मकान में मौजूद लोगों में अफरा तफरी मच गई। लोग घबराकर बाहर भागे। मोहल्लावासियों ने मामले की जानकारी विद्युत निगम को दी।
सूचना पर कारपोरेशन कर्मियों ने ब्रेकडाउन ले लिया, जिससे पूरे मोहल्ले की बिजली गुल हो गई। वहीं, बिजली गुल होने के चलते रोजेदारों को इफ्तार के समय दिक्कत का सामना करना पड़ा। शाम को पानी की सप्लाई भी प्रभावित रही। सगीर अहमद ने बताया कि खंभा गिरने से मकान की दीवार क्षतिग्रस्त हो गई।
वहीं, एसडीओ प्रेम कुमार ने बताया कि मामला संज्ञान में हैं। रात 9 बजे तक क्षतिग्रस्त पोल ठीक कर बिजली आपूर्ति सुचारू करा दी गई।
चौक बाजार में ट्रक चालक द्वारा तोड़े गए खंभे को हटाकर दूसरा खंभा लगाने का काम शुरू हो गया है। दुकानदारों की समस्या को जल्द दूर कर मंगलवार सुबह तक बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। - अवधेश यादव, एसडीओ, विद्युत निगम