बुलंदशहर/डिबाई। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी द्वारा कार्य में रूचि न लिए जाने से समय-समय पर जिलेभर में खसरा और रूबेला के मरीज सामने आ रहे हैं। पिछले सप्ताह खसरा के चार और रूबेला का एक केस सामने आया। बृहस्पतिवार को खसरा पीड़ित दानपुर क्षेत्र के गांव चहला में स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंची और टीम ने चिह्नित किए गए नौ माह से पांच साल तक के बच्चों को खसरा व रूबेला से बचाव के लिए एमआर का अतिरिक्त टीका लगाया। दानपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डॉ. नवल किशोर ने बताया कि दानपुर के चहला गांव में तीन साल के बच्चे में खसरा की पुष्टि होने पर बच्चों को एमआर का टीका लगाने के लिए शिविर लगाया गया। टीम ने सर्वे कर नौ माह से पांच साल तक के 205 बच्चों को चिह्नित किया। इसमें 194 बच्चों को शिविर लगाकर एमआर का अतिरिक्त टीका लगाया गया। सीएमओ डॉ. सुनील कुमार दोहरे ने बताया कि खसरा और रूबेला के मरीज मिलने पर नौ माह से पांच साल तक के बच्चों को अतिरिक्त एमआर का टीका लगवाया जा रहा है। शुक्रवार को भी टीम खसरा व रुबेला के मरीज के गांव में जाकर एमआर का अतिरिक्त टीका लगाएगी।