फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bulandshahar News: हर-हर गंगे के जयकारों के बीच दिनभर चला स्नान का सिलसिला

विज्ञापन
डिबाई क्षेत्र के कर्णवास में गंगा स्नान करते श्रद्धालु। स्रोत: जागरूक पाठक।
विज्ञापन
अनूपशहर/डिबाई/अहार/बुगरासी/नरौरा। बुधवार सुबह से ही गंगा घाटों पर हर-हर गंगे के जयकारों के साथ श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाना शुरू कर दी। मौका था ज्येष्ठ गंगा दशहरा पर्व का। स्नान का यह सिलसिला पूरे दिन चलता रहा।
विज्ञापन

श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान के बाद दान-पुण्य किया। परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। कई श्रद्धालुओं ने स्नान के उपरांत भगवान सत्यनारायण की कथा का श्रवण किया और धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लिया।
अनूपशहर में बुधवार को गंगा घाटों पर श्रद्धा और आस्था का नजारा देखने को मिला। हजारों श्रद्धालुओं ने पतित पावनी गंगा में आस्था की डुबकी लगाकर पुण्य कमाया।
विज्ञापन

इस बार जेठ अधिकमास पड़ जाने के कारण तारीखों के फेर में गंगा दशहरा पर्व बृहस्पतिवार को भी मनाए जाने के चलते बुधवार को घाटों पर कम भीड़ नजर आई। श्रद्धालुओं की कम तादाद के कारण पर्व का उत्साह थोड़ा फीका जरूर रहा, लेकिन परंपराओं में कोई कमी नहीं दिखी।
कम भीड़ के बावजूद जो श्रद्धालु घाटों पर पहुंचे, उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। गंगा स्नान के बाद लोगों ने घाट किनारे बने मंदिरों में दर्शन किए और पुरोहितों को दान-पुण्य किया। इस मौके पर कई परिवारों ने बच्चों के मुंडन संस्कार भी करवाए। घाटों के आसपास सजे अस्थायी बाजारों से बच्चों ने खिलौने खरीदे और बड़ों ने प्रसाद सामग्री की खरीदारी की।
चिलचिलाती धूप और गर्मी को देखते हुए सामाजिक संगठनों ने जगह-जगह भंडारे आयोजित किए। राहगीरों और श्रद्धालुओं के लिए शीतल जल और मीठे शरबत की प्याऊ लगाई गई।
सुहागिन महिलाओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों का पालन करते हुए गौर मंशी और गौर का सामान मान पक्ष को भेजा। प्रशासनिक स्तर पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। नगरपालिका परिषद और पुलिस विभाग ने सुरक्षा, बैरिकेडिंग, सफाई और पेयजल की पुख्ता व्यवस्था की थी, ताकि जाम या किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
एसपी देहात अंतरिक्ष जैन ने खुद सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और मुस्तैद रहने के निर्देश दिए। वहीं, दूसरी अहार, कर्णवास और नरौरा के अलावा बुगरासी क्षेत्र के भगवानपुर गंगा घाट पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान किया।
मां गंगा की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि व खुशहाली की कामना की। सुबह से ही घाट पर श्रद्धालुओं का आना-जाना लगा रहा। महिलाओं, पुरुषों एवं बच्चों ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाकर धार्मिक अनुष्ठान संपन्न किए।
श्रद्धालुओं ने स्नान के बाद मां गंगा को पुष्प, दीप व प्रसाद अर्पित कर विधि-विधान से पूजा की। कई श्रद्धालुओं ने अपने पूर्वजों की शांति के लिए तर्पण भी किया। घाट पर धार्मिक माहौल बना रहा और गंगा जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया।
दूर-दराज के गांवों से भी श्रद्धालु भगवानपुर गंगा घाट पहुंचे। स्नान के दौरान लोगों ने गंगा की स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प लिया व घाट परिसर में साफ-सफाई रखने की अपील की।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें