चोला। सफाई नहीं होने से ओवरफ्लो हो रहे तालाब का पानी गांव के मुख्य मार्ग पर भर रहा है। इससे लोग परेशान हैं। रविवार को ग्रामीणों ने तालाब की सफाई कराने के लिए प्रदर्शन किया।
क्षेत्र के गांव रसूलपुर रिठौरी के ग्रामीणों ने बताया कि गांव की आबादी करीब 2 हजार है। गांव से निकलने वाला पानी गांव के दो तालाबों में जमा होता है। कौंदू मार्ग पर पड़ने वाले तालाब की वर्षों से सफाई नहीं हुई। गंदगी से अटा होने के कारण तालाब ओवरफ्लो हो रहा है। जिससे गांव के मुख्य मार्ग जलभराव हो रहा है। मुख्य मार्ग पर जलभराव और कीचड़ के कारण ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बताया कि उक्त मार्ग चोला से गांव वैर, नगला बड़ौदा, अलियाबाद, चुहरपुर, जाहिदपुर, नूरपुर, आदि गांवों के लिए संपर्क मार्ग भी है। उक्त गांव के लोग भी मार्ग से होकर गुजरते हैं और उन्हें भी जलभराव, कीचड़ के कारण परेशानी उठानी पड़ती है। मुख्य मार्ग पर जलभराव कीचड़ से जहां लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं क्षेत्र में गांव की छवि भी धूमिल हो रही है। जनप्रतिनिधियों, अफसरों से बार-बार शिकायत के बाद भी तालाब की सफाई नहीं कराई गई। तालाब की सफाई करने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शन करने वालों में ललित, विनोद, राहुल, पप्पू, मुकेश, बिजेंद्र, सुनील आदि शामिल रहे। ग्राम प्रधान सुमित ने बताया कि जल्द तालाब की सफाई कराई जाएगी। जिसके लिए प्रयास किया जा रहे हैं।