सिकंदराबाद। क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने, पीड़ितों को त्वरित न्याय मिलने के उद्देश्य से विधायक लक्ष्मीराज सिंह ने सिकंदराबाद नगर कोतवाली क्षेत्र को विभाजित कर नया थाना कोतवाली देहात बनाए जाने की मांग शासन स्तर पर उठाई है। विधायक ने इस संबंध में नियम-नियमावली के तहत पत्र भेजा है। विधायक की इस मांग पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने पत्र के माध्यम से जानकारी दी कि नए थाने की स्थापना के लिए ग्रामीण क्षेत्र की जनसंख्या लगभग 75 से 90 हजार और क्षेत्रफल नियमानुसार होना चाहिए।
इसके अलावा नए थाने के लिए 2913.11 वर्ग मीटर भूमि की उपलब्धता भी आवश्यक है। मंत्री ने बताया कि उक्त मानकों के आधार पर जनपद स्तर पर रिपोर्ट तैयार की जा रही है। यदि रिपोर्ट मानकों के अनुसार पाई जाती है तो आगे की कार्रवाई की जाएगी। विधायक लक्ष्मी राज सिंह ने कहा कि सिकंदराबाद नगर कोतवाली क्षेत्रफल की दृष्टि से बहुत बड़ा है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस व्यवस्था प्रभावित हो रही है।