बुलंदशहर। भाई दूज के दिन बृहस्पतिवार को नगर समेत जिलेभर के बाजारों में लोगों की सुबह से चहल-पहल रही। त्योहार पर अपनी बहनों को उपहार देने के लिए भाइयों ने बाजार में इलेक्ट्राॅनिक सामान की खरीदारी की। वहीं, बहनों ने गोला और मिठाई आदि की खरीदारी की। जिलेभर में बृहस्पतिवार को करीब दो करोड़ के कारोबार का अनुमान है।
भाई दूजपर मिठाई, गिफ्ट और गोला आदि विक्रेताओं के चेहरे पर खुशी देखने को मिली। नगर के अंसारी रोड, साठा, कालाआम, डीएम रोड, दिल्ली रोड, कृष्णानगर, चौक बाजार, डिप्टी गंज, देवीपुरा, रोडवेज अड्डा, स्याना बस अड्डा, अनूपशहर बस अड्डा, शिकारपुर बाइपास समेत अन्य जगह गोला एवं मिठाई की दुकानों पर बहनों ने खरीदारी की। मिठाई विक्रेता देसा लोधी ने बताया कि रसमलाई, कालाजाम, छेना, बेसन लड्डू, बर्फी, काजू कतली की ज्यादा बिक्री हुई।
उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष मोहित गर्ग ने बताया कि मिठाई, गोला, गिफ्ट आदि का करीब दो करोड़ रुपये के कारोबार होने का अनुमान है।
इसके अलावा भाइयों ने बहनों को मोबाइल गिफ्ट किया तो किसी ने स्कूटी की चाबी थमाई। मोबाइल फोन विक्रेता पवन अग्रवाल ने बताया कि बहनों को गिफ्ट देने के लिए भाइयों ने मोबाइल की खरीदारी की। कृष्णा शोरूम संचालक गगन शर्मा ने बताया कि कुछ भाइयों ने पूर्व में ही बुकिंग करा डिलीवरी ली तो कुछ शोरूम पहुंचे और अपनी पसंद के वाहन लेकर गए।