बुलंदशहर। त्योहारी सीजन की चमक कपड़ा बाजार में देखने को मिल रही है। नगर समेत जिलेभर के बाजार में पहले नवरात्र से ही रौनक लौट आई। लोग घरेलू कपड़ों के साथ-साथ त्योहार एवं सहालग को लेकर कपड़ों की खरीदारी कर रहे हैं। दिवाली पर कपड़ा व्यापारियों को अच्छे कारोबार का अनुमान है। बुधवार को शहर के बाजारों में चहल-पहल रही।
जून माह से बाजार में छाई सुस्ती नवरात्र शुरू होते ही दूर हो गई। नवरात्र से अन्य बाजार के साथ-साथ साड़ी-सूट एवं कपड़ा बाजार गुलजार हो गया। पहले नवरात्र से बाजारों में खरीदारी के लिए ग्राहकों की भारी भीड़ उमड़ रही है। दिवाली त्योहार एवं सहालग को देख व्यापारी भी नई-नई वैरायटी मंगवाने में जुटे हैं।
बाजार में इन दिनों महिलाएं एवं युवतियां साड़ी, सूट आदि की खरीदारी कर रही है। जिन्हें नवरात्र, दशहरा, करवा चौथ एवं दिवाली या किसी खास मौके पर पहनने के लिए तैयार भी करवा रही है। मंगलवार को नगर के चौक बाजार पहुंची युवती पूनम श्रीवास्तव ने बताया कि दिवाली के बाद रिश्तेदारी में एक भाई की शादी है। उसमें अलग दिखने के लिए सूट की खरीदारी कर रही हूं। जिससे समय से पूर्व तैयार करवा सकूं। रेडीमेड गारमेंटस संचालक रजत गर्ग एवं ध्रुव सिंघल ने बताया कि नवरात्र शुरू होने के बाद से बाजार में रौनक लौटी है।
रेडिमेड कंपनी ने भी लोगों की पसंद का ख्याल रखते हुए इस साल शूटिंग शटिंग की नई रेंज भी बाजार में उतारी है। मेनका शोरूम संचालक अशोक मित्तल ने बताया कि दो माह से बाजार में मंदी छाई थी।
नवरात्र के साथ त्योहारी सीजन शुरू होते ही बाजार में उछाल आया है। कारोबार के हिसाब से इस बार दिवाली पर अच्छा होने की संभावना है। महिलाएं एवं युवतियां त्योहार के अलावा शादी-ब्याह आदि के लिए कपड़ों की खरीदारी करने आ रही है। शोरूम पर बनारसी, चिकन, साटन, नेट, जॉजेंट, शिफॉन समेत अन्य वैरायटी की साड़िया उपलब्ध है।