जिला चिकित्सालय की ओपीडी में मरीजों को परामर्श देते चिकित्सक। संवाद
बुलंदशहर। मौसम में आए दिन हो रहे उतार-चढ़ाव से जहां जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। वहीं, इसका सीधा असर लोगों की सेहत पर भी पड़ रहा है। मौसम बदलने की वजह से हृदय, डायबिटीज व ब्लड प्रेशर के रोगियों की समस्या बढ़ रही है। साथ ही त्वचा संबंधी बीमारियों, पेट दर्द, उल्टी-दस्त व बुखार से पीड़ित मरीजों की संख्या भी बढ़ रही है। जिला चिकित्सालय की ओपीडी में इन दिनों हृदय, डायबिटीज व ब्लड प्रेशर के 50 से अधिक मरीज उपचार कराने के लिए आ रहे हैं।
समय-समय पर मौसम में हो रहे बदलाव से डायबिटीज के मरीजों का शुगर लेवल खतरनाक स्तर तक पहुंच रहा है तो वहीं, हृदय रोगियों की दिल की धड़कनें भी तेज हो रही हैं। ब्लड प्रेशर में भी उतार-चढ़ाव देखने को मिलने लगा है। मेडिसिन विभाग के डॉ. रजत कुमार ने बताया कि कुछ मरीजों का शुगर लेवल 250 मिल रहा है जो उच्च स्तर का संकेत है। दवाओं का सेवन न करने से ऐसा होता है। कई मरीजों में लो ब्लड प्रेशर की समस्या मिल रही है। साथ ही हृदय रोग से पीड़ित मरीजों की दिल की धड़कन सामान्य से अधिक तेज मिल रही है। बताया कि गर्मी में तली हुई व बासी खाद्य पदार्थ खाने से बचना चाहिए। हल्का खाना खाएं, छाछ, दही, फलों आदि का सेवन करना चाहिए। डायरिया होने पर तत्काल इलेक्ट्रोलाइट्स और ओआरएस का प्रयोग करें। मंंगलवार को हृदय, डायबिटीज व ब्लड प्रेशर के करीब 80 रोगियों ने परामर्श लिया।
कोट
मौसम में उतार-चढ़ाव से अन्य रोगियों के साथ हृदय, डायबिटीज व ब्लड प्रेशर के रोगी प्रतिदिन परामर्श लेने के लिए आ रहे हैं। मरीजों को जांच, दवा व परामर्श की सुविधा दी जा रही है। - डॉ. प्रदीप राणा, प्रभारी सीएमएस, जिला चिकित्सालय