ककोड़। थाना क्षेत्र के सुनपेड़ा पुल के पास शुक्रवार को बाइक सवार दंपती को टक्कर मारने के बाद नहर में गिरी कार के चालक का दूसरे दिन शनिवार को भी कोई सुराग नहीं लग सका है। गाजियाबाद से आई एनडीआरएफ की टीम और स्थानीय गोताखोरों ने घंटों रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया, लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी। हादसे में घायल बाइक सवार सलीम की मौत के बाद जहां एक घर का चिराग बुझ गया, वहीं लापता कार चालक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
लापता चालक की पहचान पहासू क्षेत्र के गांव कुंवरपुर निवासी सचिन के रूप में हुई है। सचिन के चचेरे भाई विवेक ने बताया कि वह दिल्ली नंबर की कार को टैक्सी के रूप में चलाता था। वह अक्सर अनूपशहर और पहासू से सवारियां लेकर नोएडा-दिल्ली जाता था। विवेक के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 11:30 बजे सचिन की अपनी पत्नी से फोन पर बात हुई थी, जिसमें उसने जल्द घर लौटने का वादा किया था। लेकिन दोपहर में पुलिस के जरिए हादसे और उसके लापता होने की सूचना मिली। परिजन इस बात को लेकर असमंजस और दहशत में हैं कि सचिन नहर में बहा है या उसके साथ कुछ और अनहोनी हुई है।
पुलिस ने क्रेन की मदद से कार को शुक्रवार को ही बाहर निकाल लिया था, जो पूरी तरह क्षतिग्रस्त मिली। शनिवार को सिंचाई विभाग के सहयोग से नहर का पानी कम कराया गया जिससे कि तलहटी में सर्च ऑपरेशन चलाया जा सके। सीओ भास्कर कुमार मिश्रा ने बताया कि एनडीआरएफ की 40 सदस्यीय टीम छह नावों के साथ लगातार तलाश में जुटी हुई है।