जीरो कूल शूटिंग रेंज पर अभ्यास करते शूटर। संवाद
बुलंदशहर। निशानेबाजों के बीच छुपी प्रतिभा को उभारने के लिए जिला स्तर पर शूटिंग प्रतियोगिता का फिर आयोजन शुरू होगा। मार्च में एसआई परीक्षा के चलते आयोजन स्थगित चल रहा था। अब जल्द ही आयोजन की नई तिथियां घोषित की जाएंगी। प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।
जिले के शूटरों की प्रतिभा निखारने के लिए जीरो कूल शूटिंग रेंज ने वर्ष 2026 की शुरुआत होने पर प्रत्येक माह जिला ओपन शूटिंग प्रतियोगिता का आयोजन कराना शुरू किया। इसकी शुरुआत 11 जनवरी को पहली जिला ओपन शूटिंग प्रतियोगिता से हुई।
इसके बाद फरवरी में द्वितीय जिला ओपन शूटिंग का भी आयोजन हो चुका है। 15 मार्च से तीसरी जिला ओपन शूटिंग प्रतियोगिता शुरू होती लेकिन उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती व प्रोन्नति परीक्षा के चलते आयोजन स्थगित कर दिया।
इसके बाद अन्य प्रतियोगिता व आयोजनों के चलते प्रतियोगिता नहीं हो सकी। अब एक बार फिर से जिला स्तरीय शूटिंग प्रतियोगिता के आयोजन को लेकर तैयारियां शुरू कर दी है। जीरो कूल शूटिंग रेंज एकेडमी के संचालक मनीष चौधरी ने बताया कि मार्च के बाद से जिला स्तरीय शूटिंग प्रतियोगिता का आयोजन स्थगित चलता आ रहा है।
अब दोबारा से प्रतियोगिता शुरू की जाएगी। अब जल्द ही नई तिथि की घोषणा की जाएगी। वहीं, प्रतियोगिता में सभी वर्ग के विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।