बुलंदशहर। भीषण गर्मी और उमस के बीच शहर की बिजली व्यवस्था एक बार फिर लड़खड़ा गई। बुधवार रात 33 केवी हाईटेंशन लाइन में फॉल्ट आने से हाइडिल कॉलोनी और अंसारी रोड बिजलीघर क्षेत्रों की विद्युत आपूर्ति करीब चार घंटे तक ठप रही।
रात 10 बजे से करीब दो बजे तक बिजली गुल रहने से लगभग 50 हजार उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। बिजली नहीं होने से लोग रातभर गर्मी से बेहाल रहे और पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित हुई।
बिजली विभाग के अनुसार बुधवार देर रात करीब 10 बजे 33 केवीए लाइन में तकनीकी खराबी आने के कारण दोनों बिजलीघरों से जुड़े कई इलाकों की आपूर्ति बाधित हो गई। सूचना मिलने पर विभागीय कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर फॉल्ट तलाशने और उसे ठीक करने का कार्य शुरू किया। करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद देर रात दो बजे बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी।
हाइडिल कॉलोनी बिजलीघर से जुड़े राधा नगर, शास्त्री नगर, बाईपास रोड, मोहनकुटी, राम विहार, संतोष नगर और आदर्श नगर सहित आसपास के क्षेत्रों में बिजली नहीं रही। वहीं, अंसारी रोड बिजलीघर से जुड़े चांदपुर रोड, कोर्ट रोड, अस्पताल रोड, काला आम चौराहा, शेखसराय, अंसारी रोड, अंबर सिनेमा रोड समेत कई मोहल्लों में भी अंधेरा छाया रहा।
आदर्श नगर निवासी सोनू का कहना है कि पिछले कई दिनों से शहर में रोजाना छह से आठ घंटे तक बिजली कटौती की जा रही है। दिन में बार-बार ट्रिपिंग और रात में लंबे समय तक बिजली बाधित रहने से लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है। उमस भरी गर्मी में छोटे बच्चे, बुजुर्ग और मरीजों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है।
कपिल कुमार ने बिजली व्यवस्था में सुधार और अघोषित कटौती पर रोक लगाने की मांग की है। उनका कहना है कि भीषण गर्मी के मौसम में लगातार हो रही बिजली कटौती से लोगों का जीना मुश्किल हो गया है।
कोट
33 केवी लाइन में तकनीकी फॉल्ट आने के कारण आपूर्ति बाधित हुई थी। कर्मचारियों ने तत्काल मरम्मत कार्य कर लाइन को दुरुस्त किया। इसके बाद सभी प्रभावित क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति सामान्य कर दी गई। विभाग का प्रयास है कि भविष्य में ऐसी समस्याओं को कम किया जा सके। - संजीव कुमार, चीफ इंजीनियर, ऊर्जा निगम