विद्युत निगम की लापरवाही से दो जगहों पर बच्चे समेत दो लोगों की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। पहली घटना खानपुर मेें हुई, जहां बिजली के खंभे में करंट उतरने से मासूम चपेट में आ गया। वहीं, गुलावठी में मोबाइल चार्ज करते समय युवक को करंट लग गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
खानपुर निवासी शेहलत बस चालक हैं। बुधवार रात 9:30 बजे उनका बेटा अमन (12) होटल पर काम कर घर लौट रहा था। कुत्तों के डर से उसने एक सरिया हाथ में ले रखी थी। बस स्टैंड शौचालय के पास अचानक बिजली के खंभे से सरिया छू गया, जिससे अमन खंभे में उतर रहे करंट की चपेट में आकर झुलस गया।
राहगीर आसिफ की शोर सुनकर लोग दौड़े और अमन को डंडे के सहारे पोल से अलग कर नजदीकी चिकित्सक के पास ले गए, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। जेई अभिषेक मौर्य का कहना है कि आंधी-बारिश के चलते विद्युत तार खंभे से टच कर रहा था, इसलिए करंट उतर गया था। वहीं, गुलावठी के गांव हुसैनपुर में बृहस्पतिवार सुबह गुलजार अपने घर में मोबाइल चार्ज करने के लिए प्लग लगा रहा था।
तभी करंट के झटके से वह दूर जा गिरा। बेहोशी की हालत में गुलजार को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सक ने उसे हापुड़ के लिए रेफर कर दिया। जब परिजन गुलजार को लेकर हापुड़ पहुंचे तो चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। गुलजार मजदूरी करके अपना परिवार चलाता था। उसकी 10 माह पूर्व ही शादी हुई थी।