जिले के देहात क्षेत्र की बिजली आपूर्ति मंगलवार शाम से देर रात तक पूरी तरह बाधित रही। कंट्रोल रूम से ग्रामीण क्षेत्र की आपूर्ति कटवा दी गई। करीब सात घंटे तक लगातार गांवों में बिजली कटौती रही, जिसके कारण लोगों को काफी परेशानी हुई।
मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे जिलेभर के ग्रामीण क्षेत्रों के बिजलीघरों से इमरजेंसी रोस्टरिंग कर दी गई। बताया गया कि लोड अधिक होने के कारण यह कटौती की गई, जबकि अफसरों ने किसी फॉल्ट के कारण इमरजेंसी रोस्टरिंग का दावा किया। इस दौरान नगर क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति सुचारु रही।
यदि किसी फॉल्ट के कारण रोस्टरिंग होती तो फिर नगर क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति कैसे सुचारु रहती। देर रात करीब 10 बजे बिजली आपूर्ति सुचारु की गई। एक्सईएन ट्रांसमिशन बंशीलाल ने बताया कि कंट्रोल रूम से देहात क्षेत्र की इमरजेंसी रोस्टरिंग की गई।
बारिश न होने के कारण एग्रीकल्चर लोड बढ़ जाने से बिजली की डिमांड भी बढ़ गई है। जबकि डिमांड के सापेक्ष आपूर्ति नहीं हो पा रही है। आने वाले दिनों में बिजली आपूर्ति और भी अधिक चरमरा सकती है।