गुलावठी। सीएम योगी से मुलाकात कराने का झांसा देकर महिला के साथ दुष्कर्म करने और ठगी का आरोप फर्जी निकला है। मामले की जांच गलत निकलने पर पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है।
एसपी सिटी शंकर प्रसाद ने बताया कि चार सितंबर को थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी एक महिला ने एसएसपी को शिकायती पत्र देकर बताया था कि गुलावठी थाने में पूर्व में दर्ज कराए गए मुकदमे में कार्रवाई न होने की शिकायत लेकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलने के लिए गोरखपुर गई थी। गोरखपुर में गोरखनाथ मंदिर के बाहर एक व्यक्ति मिला। जिसने अपने आप को सीएम योगी का रिश्तेदार बताकर पीड़िता को व्यक्तिगत रूप से सीएम योगी से मिलवाने की बात कही।
आरोप है कि आरोपी ने महिला से लगभग 20 हजार रुपये भी हड़प लिए। पीड़ित का कहना था कि महिला को आरोपी एक कमरे में ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया और महिला की अश्लील वीडियो भी बना लिया। शिकायत पर एसएसपी ने थाना पुलिस को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए।
एसपी सिटी ने बताया कि जांच के दौरान दुष्कर्म व वीडियो वायरल करने के आरोप फर्जी पाए गए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि महिला ने जिस युवक पर आरोप लगाए हैं वह भी उसका परिचित निकला है। जल्द ही जांच रिपोर्ट तैयार कर अधिकारियों को सौंप दी जाएगी, जिसके आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।