जहांगीराबाद। औरंगाबाद रोड पर शनिवार शाम को दो बाइक की आमने सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दूसरी बाइक पर सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की खबर मिलते ही अस्पताल में पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा।
थाना प्रभारी ने बताया कि क्षेत्र के गांव किशनपुर ठकुरान निवासी नरेश शर्मा (42) शनिवार शाम को बाइक से घर लौट रहे थे। उसी दौरान दूसरी बाइक पर सवार दो युवक सामने से आ रहे थे। जब नरेश औरंगाबाद रोड पर पहुंचे तो दोनों बाइक की आमने सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में नरेश की मौके पर ही मौत हो गई जबकि अन्य दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
जिन्हें पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि अभी तक मामले में तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।